रायगढ़ : जिला पंचायत सीईओ ने बनसिया-ननसिया बायोगैस प्लांट का किया निरीक्षण

प्लांट को जल्द पूर्ण रूप से चालू करने और अधिक घरों तक गैस सुविधा पहुंचाने के दिए निर्देश

रायगढ़। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) अभिजीत बबन पठारे ने बुधवार को ग्राम पंचायत बनसिया-ननसिया स्थित बायोगैस प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्लांट की कार्यशील स्थिति, गैस उत्पादन क्षमता, पाइपलाइन व्यवस्था और लाभार्थियों को मिल रही सुविधाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान सीईओ ने ग्राम पंचायत सचिव, सरपंच और रोजगार सहायक को निर्देश दिए कि प्लांट में आवश्यक तकनीकी एवं संरचनात्मक सुधार प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरे किए जाएं, ताकि इसे पूरी क्षमता से संचालित कर ग्रामीणों को नियमित गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने अधिकारियों से वर्तमान पाइपलाइन नेटवर्क का विस्तार कर अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए समयबद्ध कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीणों को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध होगा, पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता कम होगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

नियमित मॉनिटरिंग पर दिया जोर

सीईओ अभिजीत बबन पठारे ने बायोगैस प्लांट के नियमित संचालन, रखरखाव और सतत निगरानी पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को समय-समय पर निरीक्षण कर तकनीकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और बायोगैस प्लांट ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा सतत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, उप संचालक पंचायत, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत तथा क्लस्टर कोऑर्डिनेटर भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों तक इसका लाभ पहुंचाने के लिए आवश्यक सुधार कार्य तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

Back to top button