रायगढ़ : युवती से छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक पर चाकू से हमला, आरोपी गिरफ्तार

मोबाइल नंबर नहीं देने पर की छेड़छाड़, बीच-बचाव करने पहुंचे युवती की सहेली के जीजा पर जानलेवा हमला

रायगढ़। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में एक युवती से छेड़छाड़ का विरोध करना युवक को भारी पड़ गया। आरोपी ने बीच-बचाव करने पहुंचे युवती की सहेली के जीजा पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मोबाइल नंबर मांगने से शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, लैलूंगा थाना क्षेत्र की 19 वर्षीय युवती पिछले करीब छह माह से धरमजयगढ़ में किराये के मकान में रहकर मजदूरी कर रही है। मंगलवार शाम वह अपनी सहेली के साथ निर्माण स्थल पर काम कर रही थी। इसी दौरान तुर्कापारा निवासी सागर सारथी (23) वहां पहुंचा और युवती से मोबाइल नंबर मांगने लगा।

युवती द्वारा नंबर देने से इनकार करने पर आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। इस पर युवती की सहेली ने अपने जीजा को फोन कर मौके पर बुलाया।

बीच-बचाव करने पर किया चाकू से हमला

मौके पर पहुंचे युवक ने आरोपी को समझाने और छेड़छाड़ से रोकने का प्रयास किया। इससे नाराज होकर आरोपी अपने घर गया और चाकू लेकर वापस लौटा। इसके बाद उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और युवक के पेट व छाती पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

आरोपी गिरफ्तार, चाकू बरामद

पीड़िता की शिकायत पर धरमजयगढ़ थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़, हत्या के प्रयास सहित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर जब्त कर लिया।

न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।

Back to top button