रायगढ़ में मेडिकल स्टोर चोरी का 24 घंटे में खुलासा, दो अपचारी बालक हिरासत में

रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने आशीर्वाद मेडिकल स्टोर में हुई चोरी की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई नकदी भी बरामद कर ली है। दोनों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश करने के बाद बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, बोईरदादर निवासी रतन मित्रा (67) की शिकायत पर थाना चक्रधरनगर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना से मिला सुराग

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी राकेश मिश्रा की टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर दो अपचारी बालकों को हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में दोनों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ 3 जुलाई की रात आशीर्वाद मेडिकल स्टोर का ताला तोड़कर दुकान में प्रवेश करने और गल्ले में रखे 4 हजार रुपये चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि चोरी की रकम चारों ने आपस में एक-एक हजार रुपये बांट ली थी।

चोरी के बाद बाइक हादसे का शिकार हुए आरोपी

पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी के बाद चार में से तीन युवक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल से जामगांव की ओर घूमने निकले थे। इस दौरान तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें तीनों घायल हो गए। इनमें दो आरोपी फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि हिरासत में लिए गए एक अपचारी बालक को सामान्य चोटें आई थीं।

नकदी बरामद, आगे की कार्रवाई जारी

पुलिस ने दोनों अपचारी बालकों के पास से चोरी के बंटवारे के एक-एक हजार रुपये बरामद कर लिए हैं। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और परिजनों को सूचना देने के बाद दोनों को किशोर न्याय बोर्ड, रायगढ़ के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया। अन्य दो आरोपियों के संबंध में पुलिस की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Back to top button