कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा की, कुपोषण और एनीमिया पर विशेष फोकस के निर्देश

आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति के आधार पर भोजन तैयार करने और शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश

सारंगढ़-बिलाईगढ़। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए कुपोषित बच्चों और एनीमिक महिलाओं पर विशेष ध्यान देकर उन्हें सुपोषित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की वास्तविक उपस्थिति के आधार पर भोजन एवं पोषक आहार तैयार करने पर जोर दिया।

बैठक में कलेक्टर ने बच्चों की संख्या, जर्जर एवं निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवनों, टीकाकरण, पोषक आहार वितरण तथा विभिन्न योजनाओं की प्रगति की परियोजना अधिकारियों और सेक्टर पर्यवेक्षकों के साथ समीक्षा की।

उन्होंने निर्देश दिए कि जर्जर भवनों में किसी भी स्थिति में बच्चों को न बैठाया जाए। ऐसे स्थानों पर नवीन भवन या अन्य उपलब्ध शासकीय भवनों में आंगनबाड़ी केंद्र संचालित किए जाएं।

कलेक्टर ने अधिकारियों को पालकों के साथ गृहभेंट और महिलाओं के साथ चौपाल आयोजित कर बच्चों की देखभाल, पोषण और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुपोषित और मध्यम कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) के माध्यम से सुपोषित बनाने के लिए अभिभावकों को प्रेरित किया जाए।

उन्होंने जन्मजात या गंभीर बीमारियों से ग्रसित बच्चों की जानकारी तत्काल उच्च अधिकारियों और चिरायु टीम को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

बैठक में महतारी वंदन योजना के नए पंजीयन बढ़ाने तथा पात्र महिलाओं को योजना की जानकारी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

कलेक्टर ने कहा कि गर्भवती और शिशुवती माताओं सहित छह माह से तीन वर्ष तक के बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण और घर पहुंच राशन वितरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित संचालन और समय पर खुलना भी सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने परियोजना अधिकारियों और सुपरवाइजरों को निर्देशित किया कि महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों का ई-केवाईसी कराया जाए तथा प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना के अंतर्गत सभी पात्र गर्भवती महिलाओं को लाभान्वित किया जाए।

कलेक्टर ने कहा कि गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण पोषण संबंधी परामर्श दिया जाए तथा उन्हें विभिन्न फल, सब्जियों और खाद्य पदार्थों में उपलब्ध पोषक तत्वों एवं विटामिन की जानकारी भी दी जाए।

उन्होंने सेक्टर पर्यवेक्षकों को आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने और सभी गतिविधियों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी उत्तम प्रसाद सहित सारंगढ़, बरमकेला, भटगांव, बिलाईगढ़, सरसीवा, लेंधरा, कोसीर और सरिया क्षेत्र के परियोजना अधिकारी, सेक्टर अधिकारी और सुपरवाइजर उपस्थित रहे।

Back to top button