जमीन और पानी निकासी विवाद में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, एक दर्जन से अधिक घायल
पुराने विवाद ने लिया हिंसक रूप, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत, पुलिस ने की काउंटर एफआईआर
बिलासपुर, 09 जुलाई। जिले के कोनी थाना क्षेत्र के सेमरताल भदोरिया खार बरपाली गांव में जमीन और पानी निकासी को लेकर चल रहा पुराना विवाद एक बार फिर हिंसक झड़प में बदल गया। दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुए विवाद में जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें महिला और पुरुषों सहित एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा।
पुलिस के अनुसार, एक पक्ष के हरवंश राजू लोनिया ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि पड़ोसी हरीशानंद, परमानंद, संतोषानंद और उनके पुत्रों ने सड़क पर मिट्टी डालकर पानी निकासी का रास्ता बंद कर दिया था। विरोध करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर उनके घर में घुसकर गाली-गलौज की और लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे परिवार के कई सदस्य घायल हो गए।
वहीं दूसरे पक्ष के हरीशानंद लोनिया ने भी कोनी थाना में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि वह अपने आंगन में मौजूद थे, तभी पड़ोसी राजेश, राजू, भानू और बैसाखूराम लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। इस मारपीट में उनके परिवार के कई लोगों को चोटें आई हैं।
घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है। कोनी थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



