धरमजयगढ़ वन क्षेत्र में हाथी का हमला, महिला की मौत

तालगांव बस्ती में घुसे जंगली हाथी ने मचाया उत्पात, दुधमुंही बच्ची के साथ भाग रही महिला पर किया हमला

रायगढ़, 11 जुलाई। जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल अंतर्गत कापू वन परिक्षेत्र के तालगांव में शनिवार तड़के जंगली हाथी के बस्ती में घुस आने से दहशत फैल गई। हाथी के हमले में एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान तालगांव निवासी शकुंतला बाई के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब चार बजे हाथी तालगांव बस्ती में पहुंच गया और उत्पात मचाने लगा। हाथी को देखकर ग्रामीण अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। इसी दौरान अपनी दुधमुंही बच्ची को लेकर भाग रही शकुंतला बाई हाथी की चपेट में आ गईं। हाथी के हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन हाथी के आक्रामक होने के कारण बचाव कार्य में भी कठिनाई का सामना करना पड़ा। बताया जा रहा है कि हाथी ने वन विभाग के वाहन की ओर भी हमला करने का प्रयास किया।

वन अमले ने घायल महिला को तत्काल कापू अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में वन विभाग की टीम ने काफी प्रयास के बाद हाथी को बस्ती से बाहर खदेड़ने में सफलता प्राप्त की।

घटना के बाद क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल है। वन विभाग ने आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने और हाथी की गतिविधियों की जानकारी तत्काल विभाग को देने की अपील की है। वहीं, मृतका के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Back to top button