रायगढ़ : पुराना शनि मंदिर के पास फल विक्रेता पर चाकू से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार

‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद

रायगढ़, 24 जुलाई। रायगढ़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत कार्रवाई करते हुए पुराना शनि मंदिर के पास फल विक्रेता पर चाकू से हमला करने के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 14 मई 2026 को सोनूमुड़ा नवापारा निवासी फल विक्रेता बलराम यादव ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, उसका परिचित मोहम्मद अफसर उर्फ अफसर खान शराब पीने के लिए रुपये मांगने आया था। पहले उसे 100 रुपये देने के बाद जब दूसरी बार रुपये देने से इनकार किया गया, तो आरोपी ने फल काटने वाले चाकू से उस पर हमला कर मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद थाना कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने मोहम्मद अफसर उर्फ अफसर खान (37) को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू जब्त कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।

Back to top button