धमतरी : नशे के सौदागरों पर आर्थिक चोट, पुलिस ने 35.85 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति कराई फ्रीज

धमतरी पुलिस की पहली बड़ी कार्रवाई, NDPS एक्ट के तहत मुंबई के सक्षम प्राधिकारी ने लगाई मुहर

धमतरी। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पहली बार NDPS एक्ट के तहत मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित 35.85 लाख रुपये से अधिक की चल एवं अचल संपत्तियों को फ्रीज कराया है। मुंबई स्थित सक्षम प्राधिकारी (NDPS) ने 23 जुलाई 2026 को धमतरी पुलिस की इस कार्रवाई की पुष्टि कर दी है।

गिरफ्तारी से आगे बढ़कर अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक धमतरी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अब कार्रवाई केवल आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्तियों को भी जब्त करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।

वित्तीय जांच के बाद संपत्तियां की गईं फ्रीज

पुलिस के मुताबिक, नगर पुलिस अधीक्षक और थाना सिटी कोतवाली की टीम ने विस्तृत जांच, वित्तीय विश्लेषण और दस्तावेजों के आधार पर आरोपियों के बैंक खाते, फिक्स्ड डिपॉजिट, बीमा योजनाएं, वाहन और अचल संपत्तियों का ब्यौरा एकत्र किया। इसके बाद NDPS अधिनियम, 1985 की धारा 68F के तहत संपत्तियों को फ्रीज कर मामला मुंबई स्थित सक्षम प्राधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

दो मामलों में 35.85 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति फ्रीज

पुलिस के अनुसार, पहले मामले में आरोपी आरती रजक से संबंधित बैंक खाते और वित्तीय निवेश सहित 12,93,636.76 रुपये मूल्य की संपत्ति फ्रीज की गई।

वहीं दूसरे मामले में आरोपी करण सिंह धुरी, उसकी पत्नी उषा बाई धुरी और पुत्री जाइका धुरी से संबंधित बैंक खाते, वाहन और अचल संपत्तियों सहित 22,91,479.75 रुपये मूल्य की संपत्ति फ्रीज की गई।

वैध आय का स्रोत नहीं बता सके आरोपी: पुलिस

धमतरी पुलिस के अनुसार, सक्षम प्राधिकारी ने उपलब्ध दस्तावेजों और साक्ष्यों की जांच के बाद पाया कि संबंधित संपत्तियां कथित रूप से मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित आय से जुड़ी हैं। पुलिस का कहना है कि सुनवाई का अवसर दिए जाने के बावजूद आरोपी अपनी संपत्तियों के वैध आय स्रोत का संतोषजनक प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद फ्रीजिंग आदेश की पुष्टि कर दी गई।

पुलिस की अपील

धमतरी पुलिस ने बताया कि संबंधित आरोपियों के खिलाफ पहले से ही NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज हैं तथा उनके विरुद्ध अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि आगे भी नशे के कारोबारियों के आर्थिक नेटवर्क पर इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।

साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन, संग्रहण या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Back to top button