बालोद : स्कूल में पांच छात्राएं अचानक बेहोश, एक की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर

सरकारी स्कूल में मची अफरा-तफरी, स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की जांच

बालोद। जिले के डौंडीलोहारा विकासखंड स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खोलझर में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कक्षा 9वीं और 10वीं की पांच छात्राएं अचानक बेहोश हो गईं। सभी छात्राओं को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डौंडीलोहारा पहुंचाया गया, जहां से एक छात्रा को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बालोद रेफर किया गया।

एक के बाद एक बिगड़ी छात्राओं की तबीयत

जानकारी के अनुसार, सबसे पहले कक्षा 10वीं की छात्रा तिजिया यादव को चक्कर आने के बाद वह स्कूल परिसर में गिर गई। कुछ ही देर में युहाना कोमरे, लिलिमा चंद्रवंशी, भूमिका तथा कक्षा 9वीं की नितेश्वरी ने भी चक्कर आने, घबराहट और सीने में दर्द की शिकायत की, जिसके बाद वे भी बेहोश हो गईं।

तीन छात्राओं को अस्पताल ले जाया गया

घटना की सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने 108 एंबुलेंस की सहायता से छात्राओं को डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। उपचार के दौरान युहाना की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल बालोद रेफर कर दिया। वहीं दो छात्राओं की हालत में सुधार होने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई, जबकि दो अन्य छात्राओं का उपचार घर पर ही कराया गया।

कमजोरी या अन्य कारण, जांच जारी

विद्यालय के शिक्षकों का कहना है कि कुछ छात्राएं सुबह बिना पर्याप्त भोजन किए स्कूल आई थीं, जिससे कमजोरी के कारण उनकी तबीयत बिगड़ सकती है। वहीं परिजनों ने बताया कि पिछले वर्ष भी विद्यालय में इसी तरह की घटना सामने आई थी। फिलहाल छात्राओं के बेहोश होने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारी जांच कर रहे हैं।

Back to top button