सारंगढ़-बिलाईगढ़ : कलेक्टर ने स्कूलों का औचक निरीक्षण कर ब्लैकबोर्ड पर पढ़ाया ‘रियल नंबर्स’
विद्यार्थियों की पढ़ाई, पुस्तक वाचन और शिक्षा गुणवत्ता की परखी स्थिति, कमजोर छात्रों के लिए विशेष कक्षाएं लगाने के निर्देश
सारंगढ़-बिलाईगढ़। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सोमवार को सारंगढ़ और बिलाईगढ़ विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर शिक्षण व्यवस्था, विद्यार्थियों की अध्ययन क्षमता तथा पुस्तक वाचन गतिविधियों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वयं ब्लैकबोर्ड पर गणित का अध्याय ‘रियल नंबर्स’ पढ़ाकर विद्यार्थियों को आसान तरीके से समझाया। इसके अलावा उन्होंने भटगांव तहसील एवं उप पंजीयक कार्यालय का भी निरीक्षण कर शासकीय कार्यों की समीक्षा की।
विद्यार्थियों से पूछे सवाल, परखी पढ़ाई की गुणवत्ता
सारंगढ़ विकासखंड के शासकीय हाईस्कूल कटेली में कलेक्टर ने कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों से हिंदी पाठ का वाचन कराया। उन्होंने कहानी ‘गुल्ली-डंडा’ के लेखक, छत्तीसगढ़ी लोकगीत, संस्कृत सुभाषित तथा विभिन्न विषयों से जुड़े प्रश्न पूछकर विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति जानी। साथ ही शिक्षकों से पाठ्यक्रम की प्रगति की जानकारी भी ली।
हर महीने होगा सामूहिक पुस्तक वाचन
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले के सभी विद्यालयों में प्रत्येक माह के प्रथम सोमवार को सामूहिक पुस्तक वाचन गतिविधि आयोजित की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों में पढ़ने की रुचि, भाषा दक्षता और अध्ययन की आदत विकसित हो सके।
ब्लैकबोर्ड पर पढ़ाया ‘रियल नंबर्स’
सेजेस स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पवनी के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षा 10वीं के गणित विषय के ‘रियल नंबर्स’ अध्याय से संबंधित प्रश्न ब्लैकबोर्ड पर लिखकर विद्यार्थियों से हल कराया। संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर उन्होंने स्वयं सरल तरीके से प्रश्न समझाया और शिक्षकों को कमजोर विद्यार्थियों के लिए अलग से बेसिक कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए।
अंग्रेजी पढ़ने की क्षमता बढ़ाने पर जोर
कलेक्टर ने कक्षा 10वीं और 12वीं की कक्षाओं का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से अंग्रेजी पुस्तक का वाचन कराया। जिन विद्यार्थियों की रीडिंग कमजोर पाई गई, उनके लिए नियमित अभ्यास और विशेष कक्षाएं आयोजित करने के निर्देश दिए।
एचपीवी टीकाकरण और राजस्व कार्यालयों का भी किया निरीक्षण
शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिलाईगढ़ में उन्होंने छात्राओं से एचपीवी वैक्सीनेशन की जानकारी ली और पात्र छात्राओं का अभिभावकों की सहमति से अधिक से अधिक टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विद्यालय निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने भटगांव तहसील कार्यालय और उप पंजीयक कार्यालय का निरीक्षण कर लंबित राजस्व प्रकरणों, स्वामित्व योजना तथा अन्य शासकीय कार्यों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों और शिक्षकों से कहा कि विद्यार्थियों की बुनियादी शिक्षा, भाषा दक्षता, गणितीय समझ और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा कमजोर विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।


