रायगढ़ : जनदर्शन में अपर कलेक्टर ने सुनीं लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश
स्टॉपडेम निर्माण, फ्लाई ऐश, जर्जर स्कूल भवन, वन पट्टा और मछली पालन समेत कई मामलों पर दिए जांच के निर्देश
रायगढ़। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देशन में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में अपर कलेक्टर डॉ. प्रियंका वर्मा ने जिलेभर से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमानुसार जांच कर समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्टॉपडेम निर्माण की गुणवत्ता पर शिकायत
ग्राम बेलरिया के ग्रामीणों ने कुर नदी में सोलर पंप के लिए बनाए गए स्टॉपडेम (एनीकट) के निर्माण में अनियमितता और गुणवत्ता की कमी की शिकायत की। ग्रामीणों का कहना था कि निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। इस पर अपर कलेक्टर ने संबंधित विभाग को स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
फ्लाई ऐश से खेती प्रभावित होने की शिकायत
खरसिया तहसील के ग्राम पुछियापाली निवासी ज्योतराम राठिया ने शिकायत की कि निजी तालाबों में डाली गई फ्लाई ऐश बारिश के साथ बहकर उनके खेत तक पहुंच गई है, जिससे खेती प्रभावित हो रही है। उन्होंने विरोध करने पर विवाद की भी शिकायत की। मामले में पर्यावरण अधिकारी को तत्काल जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जर्जर स्कूल भवन की समस्या उठी
ग्राम पंचायत घरघोड़ी के सरपंच ने शासकीय प्राथमिक शाला बेलडीपा के जर्जर भवन की समस्या उठाते हुए बताया कि भवन की खराब स्थिति के कारण बच्चों की सुरक्षा और पढ़ाई दोनों प्रभावित हो रही हैं। अपर कलेक्टर ने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
श्रम सम्मान राशि और वन पट्टे की मांग
आदिवासी विकास विभाग में लंबे समय से कलेक्टर दर पर कार्यरत कर्मचारियों ने श्रम सम्मान राशि का लाभ दिलाने की मांग की। इस पर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
वहीं धरमजयगढ़ तहसील के ग्राम हिम्मतपुर निवासी गुरमेत यादव ने वन भूमि पट्टा प्रदान करने की मांग करते हुए आवेदन सौंपा।
अवैध मछली पकड़ने की शिकायत
जय मां सरस्वती स्व-सहायता समूह सहित अन्य महिला समूहों ने ग्राम जोबी के रानीसागर तालाब में अवैध रूप से मछली पकड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। महिलाओं ने बताया कि उन्हें शासन की योजना के तहत तालाब का पट्टा मिला है, लेकिन कुछ लोग अवैध रूप से मछली पकड़ रहे हैं। इस मामले में एसडीएम रायगढ़ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
अन्य आवेदनों पर भी कार्रवाई के निर्देश
जनदर्शन में राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, दिव्यांग पेंशन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित विभिन्न जनसमस्याओं से जुड़े आवेदन भी प्राप्त हुए। अपर कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का समय-सीमा में निष्पक्ष निराकरण सुनिश्चित किया जाए और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।


