वार्ड क्रमांक 18 पटेलपारा में सीसी सड़क निर्माण कार्य का भूमि पूजन संपन्न

किरंदुल। नगर पालिका परिषद किरंदुल के वार्ड क्रमांक 18 पटेलपारा में मंगलवार, 4 अगस्त 2026 को सीसी सड़क निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेन्द्र सिंह के करकमलों द्वारा संपन्न हुआ।
जानकारी के अनुसार यह सड़क मुख्य मार्ग से लक्ष्मण के घर तक निर्मित की जाएगी। इस सड़क की मांग वार्डवासियों द्वारा लंबे समय से की जा रही थी। सड़क निर्माण के पश्चात क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा तथा विशेषकर बरसात के दिनों में कीचड़ और जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि नगर के सभी वार्डों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है और वार्डवासियों की वर्षों पुरानी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है।
वार्ड पार्षद अनिल मरकाम ने बताया कि पटेलपारा में सीसी सड़क निर्माण की मांग काफी समय से की जा रही थी, जो अब साकार होने जा रही है। उन्होंने इसके लिए नगर पालिका अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस निर्माण कार्य से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा प्राप्त होगी।
भूमि पूजन कार्यक्रम में पार्षद लक्ष्मी ठाकुर, यशोदा चुन्नम, बी. रूप रानी, थामस बाबू दुर्गम, इला पटेल, एल्डरमेन सुनीता साहू, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह, ए.एम.एन.एस. के डॉ. तेज प्रकाश, उप अभियंता संजय मार्कण्डेय सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे

Back to top button