रायगढ़: 41वें चक्रधर समारोह-2026 की तैयारियां शुरू; 14 से 23 सितंबर तक रामलीला मैदान में होगा भव्य आयोजन
रायगढ़, 7 अगस्त 2026: कला, संस्कृति और संगीत की समृद्ध परंपरा को समर्पित ऐतिहासिक 41वें चक्रधर समारोह-2026 का आयोजन इस वर्ष रायगढ़ के स्थानीय रामलीला मैदान में 14 से 23 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। समारोह को अत्यंत भव्य, व्यवस्थित और गरिमामय स्वरूप देने के लिए जिला प्रशासन एवं चक्रधर समारोह आयोजन समिति ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं।
कलेक्टर एवं चक्रधर समारोह आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री मयंक चतुर्वेदी द्वारा जारी आदेश के तहत समारोह की सफलता के लिए विभिन्न विभागों को कार्य एवं समन्वयक अधिकारियों की विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
विभागवार प्रमुख जिम्मेदारियां और व्यवस्थाएं
- मंच, टेंट और साज-सज्जा (लोक निर्माण एवं राजस्व विभाग): रामलीला मैदान में टेंट-पंडाल की व्यवस्था लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा की जाएगी, जबकि मंच की व्यवस्था राजस्व विभाग संभालेगा। मंच और परिसर की साफ-सफाई के लिए नगर निगम की टीमें कार्यक्रम से एक घंटे पहले से लेकर समाप्ति तक तैनात रहेंगी। स्थल पर महाराजा स्वर्गीय चक्रधर सिंह जी का पोट्रेट स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा, उद्यान विभाग द्वारा 100 नग शोभादार पौधों से स्थल की सजावट की जाएगी।
- रेलवे स्टेशन पर स्वागत काउंटर: बाहर से आने वाले कलाकारों और अतिथियों के स्वागत के लिए रायगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-1 पर विशेष स्वागत काउंटर बनाया जाएगा। प्रत्येक ट्रेन के आने पर समारोह की जानकारी और कलाकारों के अभिनंदन की उद्घोषणा की जाएगी। वीआईपी प्रतीक्षालय और 24 घंटे स्टाफ की ड्यूटी सुनिश्चित की जाएगी।
- आवास और भोजन व्यवस्था: अतिथियों के लिए होटल, गेस्ट हाउस और धर्मशालाओं में कमरे आरक्षित किए जाएंगे। कलाकारों और कार्यकर्ताओं के लिए भोजन-जलपान की जिम्मेदारी खाद्य विभाग, जिला विपणन संघ, उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं और नागरिक आपूर्ति निगम को सौंपी गई है।
- सुरक्षा और यातायात: पुलिस विभाग द्वारा रामलीला मैदान के मुख्य द्वार और वीआईपी द्वार पर विशेष सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा अतिथियों और कलाकारों के आवागमन के लिए सुचारू परिवहन व वाहन व्यवस्था की गई है।
- चिकित्सा सेवाएं: स्वास्थ्य विभाग और जिला चिकित्सालय द्वारा समारोह स्थल पर प्रतिदिन प्राथमिक उपचार पेटी, एंबुलेंस, चिकित्सक, वार्ड बॉय और एएनएम की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटा जा सके।
- प्रचार-प्रसार और मीडिया समन्वय: जनसंपर्क विभाग द्वारा समारोह का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। स्थानीय केबल चैनलों, आकाशवाणी केंद्र रायगढ़ और दूरदर्शन के माध्यम से कार्यक्रमों की जानकारी प्रसारित की जाएगी। साथ ही, शहर के प्रमुख चौराहों और होटलों में बैनर लगाए जाएंगे।
- कलाकार सम्मान और कॉफी टेबल बुक: अतिथियों और कलाकारों को शाल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। शिक्षा विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग इसके समन्वयक होंगे। समारोह की स्मृतियों को संजोने के लिए एक विशेष कॉफी टेबल बुक भी तैयार कराई जाएगी।



