जिंदल पावर में उत्साह के साथ मनाया गया 80 वां स्वतंत्रता दिवस, राष्ट्र निर्माण का लिया संकल्प
रायगढ़, 15 अगस्त। जिंदल पावर लिमिटेड में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर एडमिन बिल्डिंग, गारे पेलमा 4/1 और सीएचपी लिबरा में ध्वजारोहण किया गया। विभिन्न स्थानों पर राष्ट्रगान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों ने राष्ट्रहित और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
एडमिन बिल्डिंग में मुख्य समारोह
मुख्य कार्यक्रम एडमिन बिल्डिंग में आयोजित किया गया। एमडी प्रदीप्ता कुमार मिश्रा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ।
कार्यक्रम में एमडी प्रदीप्ता कुमार मिश्रा ने जिंदल पावर ग्रुप के चेयरमैन नवीन जिंदल का संदेश पढ़ा। संदेश में स्वतंत्रता दिवस को देश की आजादी का उत्सव मनाने के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के संकल्प का अवसर बताया गया।
संदेश में नवीन जिंदल के तिरंगे को हर भारतीय के लिए सम्मान के साथ फहराने के अधिकार के लिए किए गए प्रयासों का उल्लेख किया गया। साथ ही संस्थापक चेयरमैन ओपी जिंदल के ‘कर्म ही पूजा’ और देश सेवा के विचारों को याद किया गया।
एमडी ने कहा कि जिंदल पावर केवल बिजली उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि ऊर्जा के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान दे रहा है। उन्होंने कर्मचारियों और उनके परिवारों को संस्थान की सबसे महत्वपूर्ण ताकत बताया।
दक्षता और उत्पादन में निरंतर सुधार
प्रदीप्ता कुमार मिश्रा ने जिंदल पावर की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि संस्थान दक्षता, विश्वसनीयता और उत्पादन क्षमता में लगातार सुधार कर रहा है। उन्होंने बताया कि जिप्ट ऊर्जा क्षेत्र में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में स्थापित हो चुका है और संस्थान को विभिन्न पुरस्कार भी प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने बताया कि कंपनी की CSR गतिविधियां पांच राज्यों के 122 गांवों तक पहुंच रही हैं और इससे करीब 1.50 लाख से अधिक लोगों के जीवन पर प्रभाव पड़ा है। ओपी जिंदल स्कूल, जिंदल चिल्ड्रन होम, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य और खेल विकास से जुड़ी पहलें भी संचालित की जा रही हैं।
इस दौरान दो प्रमुख संकल्पों पर जोर दिया गया—सुरक्षा सदैव सर्वोपरि और हर कार्य में उत्कृष्टता को लक्ष्य बनाना।
समारोह में ईडी जी. वेंकटरेड्डी, प्रेसिडेंट एवं सीईओ माइंस ओमप्रकाश, ईवीपी संदीप सांगवान, सीएचआरओ अजय कुमार, वीपी गोविंद कुमार, वीपी विजय जैन, एसके पाल, वीपी राजेश दुबे, वीपी लैंड संजय श्रीवास्तव सहित प्लांट और माइंस के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
गारे पेलमा 4/1 में भी हुआ ध्वजारोहण
जिंदल पावर की गारे पेलमा 4/1 खदान में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। यहां वीपी विजय जैन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ।
कार्यक्रम में विजय जैन ने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनकी कुर्बानियों के कारण देश को स्वतंत्रता मिली। उन्होंने संस्थान की प्रगति में कर्मचारियों की मेहनत और योगदान को महत्वपूर्ण बताया।
सीएचपी लिबरा में भी मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
सीएचपी लिबरा में आयोजित समारोह में प्रेसिडेंट एवं सीईओ माइंस ओमप्रकाश ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल अतीत को स्मरण करने का अवसर नहीं, बल्कि भविष्य के भारत के निर्माण में अपनी भूमिका तय करने का भी दिन है।
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 जिंदल पावर के माइनिंग कारोबार के लिए अब तक का सर्वश्रेष्ठ वर्ष रहा। गारे पेलमा 4/1 और गारे पेलमा 4/2-3 दोनों खदानों ने मिलकर 14.65 मिलियन टन का रिकॉर्ड कोयला उत्पादन किया।
उन्होंने बताया कि गारे पेलमा 4/1 खदान को लगातार तीसरी बार 5-स्टार रेटिंग प्राप्त हुई है।
समारोह में देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों के साथ कर्मचारियों और उपस्थित लोगों ने राष्ट्र के विकास, सुरक्षा और संस्थान की प्रगति में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।











