मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने फलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में की पूजा-अर्चना, पार्थिव शिवलिंग निर्माण में हुए शामिल
जशपुरनगर, 17 अगस्त। सावन मास के तीसरे सोमवार और नागपंचमी के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय और परिवार के साथ बगिया स्थित श्री फलेश्वरनाथ महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मैनी नदी के तट पर स्थित श्री फलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में 17 से 19 अगस्त तक तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान कुल 1 लाख 11 हजार 111 पार्थिव शिवलिंग के निर्माण और पूजन का आयोजन है। मुख्यमंत्री और कौशल्या साय ने भी पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता की और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को सावन मास और नागपंचमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ की कृपा प्रदेशवासियों पर बनी रहे और छत्तीसगढ़ विकास, शांति एवं समृद्धि की दिशा में लगातार आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ के आशीर्वाद से राज्य सरकार प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
19 अगस्त को होगी पूर्णाहुति
तीन दिवसीय आयोजन के दौरान पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं पूजन के साथ अभिषेक, आरती, पूर्णाहुति और प्रसाद वितरण सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
17 अगस्त को आयोजन के पहले दिन पार्थिव शिवलिंग निर्माण, पूजन और अभिषेक के बाद आरती एवं प्रसाद वितरण हुआ। 18 अगस्त को भी पार्थिव शिवलिंग निर्माण, पूजन और अभिषेक के साथ आरती एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा। वहीं 19 अगस्त को आयोजन के अंतिम दिन विशेष पूजा के बाद पूर्णाहुति होगी। इसके पश्चात आरती और प्रसाद वितरण किया जाएगा।
मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण
विशेष धार्मिक अनुष्ठान को लेकर फलेश्वरनाथ महादेव मंदिर और आसपास के क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर पार्थिव शिवलिंग निर्माण और पूजन में सहभागी बन रहे हैं।
श्रावण मास में आयोजित इस धार्मिक आयोजन के माध्यम से भगवान भोलेनाथ की आराधना कर प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि और सर्वांगीण विकास की मंगलकामना की जा रही है।











