रायगढ़ में मेगा हेल्थ कैंप : 103 यूनिट रक्तदान, सैकड़ों लोगों ने कराई स्वास्थ्य जांच, जरूरतमंदों को मिली मुफ्त दवाइयां

ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर मधुबन पारा में आयोजन, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी निःशुल्क सेवाएं

रायगढ़। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन, रायगढ़ और जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में मस्जिद गरीब नवाज परिसर, मधुबन पारा में निःशुल्क मेगा हेल्थ कैंप एवं रक्तदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श का लाभ लिया।

शुगर से लेकर आंखों और थायरॉइड तक की जांच

शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। ब्लड शुगर, ईसीजी, बीएमआई, माउथ कैंसर स्क्रीनिंग, थायरॉइड स्क्रीनिंग, मोतियाबिंद जांच और विजन टेस्ट जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। जरूरतमंद मरीजों को आयोजन समिति की ओर से मुफ्त दवाइयां भी दी गईं।

शिविर में डॉ. अमन बसंतानी, डॉ. चैतन, डॉ. कैरल, डॉ. ज्योति सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं।

रक्तदान में युवाओं ने दिखाया उत्साह, 103 यूनिट ब्लड संग्रहित

हेल्थ कैंप के साथ आयोजित रक्तदान कार्यक्रम में युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन के दौरान कुल 103 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जिसे ब्लड बैंक को सौंपा गया।

रक्तदान करने वाले युवाओं को हेलमेट देकर सड़क सुरक्षा का संदेश भी दिया गया। आयोजकों ने रक्तदान के साथ-साथ लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की पहल की।

डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों का किया सम्मान

शिविर को सफल बनाने में योगदान देने वाले चिकित्सकों और कर्मचारियों का सम्मान भी किया गया। इस दौरान डॉ. राजू अग्रवाल, शिक्षाविद् रामचंद्र शर्मा और समाजसेवी महावीर अग्रवाल की मौजूदगी में स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले डॉक्टरों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

अतिथियों ने चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, रक्तदाताओं और आयोजन से जुड़े लोगों के योगदान की सराहना की।

स्वास्थ्य, रक्तदान और सड़क सुरक्षा का दिया संदेश

आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के साथ रक्तदान और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी से आयोजन सफल रहा।

कार्यक्रम को सफल बनाने में मोहम्मद वारिस, मोहम्मद ताज, शानू साबरी, मोइनुद्दीन अंसारी, मोहम्मद कैफ, सैयद असगर साबरी, मोहम्मद आफताब (अंशु), फैजल खान, उमर अली, फारूक अब्दुल्ला, उमर अब्दुल्ला, रेहान साबरी और शाहिद खान सहित कमेटी के पदाधिकारियों एवं युवाओं की टीम ने सहयोग किया।

Back to top button