धमतरी में छुट्टी पर घर आए पुलिस आरक्षक ने लगाई फांसी, आत्महत्या का कारण अब तक अज्ञात

धमतरी। जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम कानीडबरी में छुट्टी पर घर आए एक पुलिस आरक्षक ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान रूपनारायण नागवंशी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

कमरे में फांसी के फंदे पर मिला शव

जानकारी के अनुसार, रूपनारायण नागवंशी रविवार को अपने घर के कमरे में फांसी के फंदे पर मिले। परिजनों ने घटना की सूचना तत्काल अर्जुनी पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

दो दिन पहले ही छुट्टी पर गांव आए थे

एडिशनल एसपी डीसी पटेल के मुताबिक, रूपनारायण नागवंशी बीजापुर जिले के आमापल्ली थाने में आरक्षक के पद पर पदस्थ थे। वह करीब दो दिन पहले ही छुट्टी लेकर अपने पैतृक गांव कानीडबरी आए थे।

आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं

पुलिस के अनुसार, आरक्षक ने यह कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसका कारण सामने नहीं आया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अब घटना के कारणों और परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।

Back to top button