रायगढ़ : शहर के प्रमुख स्थलों की सफाई और सौंदर्यीकरण पर आयुक्त ने दिए निर्देश
सिंदूर पार्क, एसईसीएल मरीन ड्राइव, खर्राघाट और पचरी घाट का किया निरीक्षण
रायगढ़। शहर में सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई, हरियाली और बेहतर व्यवस्थाओं को लेकर नगर निगम ने निरीक्षण अभियान चलाया। नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने शहर के कई प्रमुख स्थानों का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्य समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने सिंदूर पार्क, एसईसीएल मरीन ड्राइव, खर्राघाट, बंदे अली फातमे गली, शिव मंदिर और पचरी घाट सहित आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था के साथ-साथ खाली जगहों के बेहतर उपयोग और सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित स्वरूप देने पर जोर दिया।
मरीन ड्राइव में सफाई और दीवारों की मरम्मत पर जोर
एसईसीएल मरीन ड्राइव के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने वहां की मौजूदा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने जरूरत के अनुसार मरीन ड्राइव की दीवारों पर प्लास्टर और व्हाइट वॉश कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा नदी की ओर उगी अनावश्यक घास और झाड़ियों की कटाई कर क्षेत्र की सफाई कराने को कहा गया। मरीन ड्राइव सड़क और उसके आसपास के हिस्से को भी व्यवस्थित रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
खाली जमीनों पर लैंडस्कैपिंग और हरियाली विकसित करने के निर्देश
खर्राघाट, बंदे अली फातमे गली और शिव मंदिर पचरी घाट क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान खाली जमीनों और आसपास के हिस्सों की सफाई कराने पर जोर दिया गया।
आयुक्त ने कहा कि खाली जमीन को केवल कचरा और झाड़ियों से मुक्त करना ही पर्याप्त नहीं है। जरूरत के मुताबिक वहां लैंडस्कैपिंग, पौधरोपण और हरियाली विकसित कर स्थान को व्यवस्थित किया जाना चाहिए।
सफाई के बाद नियमित निगरानी की व्यवस्था बनाने को कहा
निरीक्षण के दौरान जहां घास, झाड़ियां या कचरा दिखाई दिया, वहां तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर सफाई व्यवस्था को नियमित बनाए रखने के लिए निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि सफाई और सौंदर्यीकरण का काम केवल किसी एक अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि संबंधित क्षेत्रों में इसकी निरंतर व्यवस्था बनी रहनी चाहिए।
नदी तट और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर विशेष ध्यान
आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि शहर के पार्क, नदी तट, मरीन ड्राइव और अन्य सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने ऐसे स्थानों पर सफाई के साथ सड़क, दीवार, हरियाली और आसपास के क्षेत्र के रखरखाव पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित विभागों और संस्थाओं के बीच समन्वय बनाकर प्रस्तावित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा, ताकि शहर के सार्वजनिक स्थलों की व्यवस्थाओं में सुधार किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान हाउसिंग बोर्ड और एसईसीएल के अधिकारी, नगर निगम के कार्यपालन अभियंता, इंजीनियर्स तथा संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।












