रायगढ़ : 16 वर्षीय किशोर की हत्या का 24 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

रामभांठा के पुराने बस डिपो के पास खाली प्लॉट में मिला था शव, सिर पर पत्थर से वार के निशान

रायगढ़। रामभांठा क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले में कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, किशोर की हत्या एक युवती से जुड़े विवाद के बाद की गई। आरोप है कि पहले किशोर का मोबाइल अपने कब्जे में लेकर उससे पैसे मांगे गए और बाद में पुराने बस डिपो के पास ले जाकर उसके सिर पर पत्थर से वार किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ मृतक का मोबाइल, वारदात के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं।

चक्रधर समारोह देखने निकला था किशोर

पुलिस के मुताबिक किशोर 14 सितंबर की रात करीब 9 बजे चक्रधर समारोह देखने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह वापस घर नहीं पहुंचा।

अगली सुबह कोसाबाड़ी के सामने पुराने बस डिपो के पास रामभांठा स्थित एक खाली प्लॉट में शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना पर कोतवाली पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

शव की पहचान परिजनों ने किशोर के रूप में की। सिर पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू की।

आखिरी बार साथ देखे गए युवकों से शुरू हुई पूछताछ

घटना के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों और संभावित गवाहों से जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि किशोर को आखिरी बार 20 वर्षीय शिवम बरेठ और 23 वर्षीय शिवम बानी के साथ देखा गया था।

पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की। शुरुआती पूछताछ में दोनों ने घटना में शामिल होने से इनकार किया, लेकिन पुलिस के अनुसार आगे की पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।

युवती को लेकर विवाद के बाद वारदात का आरोप

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आया कि शिवम बानी का एक युवती से एकतरफा लगाव था। घटना वाली रात दोनों आरोपियों ने किशोर को उसी युवती के साथ देखा था।

आरोप है कि इसके बाद किशोर को रामलीला मैदान के पास बुलाया गया। शिवम बरेठ ने उसका मोबाइल अपने पास रख लिया और ₹1,000 देने पर मोबाइल वापस करने की बात कही। इसके बाद दोनों आरोपी किशोर को पुराने बस डिपो की ओर ले गए।

पुलिस के अनुसार वहां किशोर को युवती से मेल-जोल नहीं रखने के लिए धमकाया गया। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर दोनों ने कथित तौर पर पत्थर से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटनास्थल पर कराया गया क्राइम सीन रिकंस्ट्रक्शन

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर क्राइम सीन रिकंस्ट्रक्शन कराया। आरोपियों की निशानदेही और मेमोरेडम के आधार पर मृतक का मोबाइल तथा वारदात के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपी शिवम बरेठ के खिलाफ पहले भी मारपीट से संबंधित मामले दर्ज हैं। मामले में अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

हत्या के मामले में न्यायालय में पेशी

कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत कार्रवाई की है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन और डीएसपी राहुल उईके के सुपरविजन में की गई।

मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी, एसआई ऐनु कुमार देवांगन, प्रशिक्षु उप निरीक्षक हर्ष चन्द्राकर तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की भूमिका रही।

Back to top button