रायपुर में त्योहारों से पहले स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पर सख्ती : मुख्य मार्गों पर एक भी लाइट बंद मिली तो होगी कार्रवाई
रायपुर। गणेश उत्सव के बाद अब नवरात्रि, दशहरा और दीपावली जैसे प्रमुख त्योहारों को देखते हुए राजधानी रायपुर में नगर निगम ने स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। महापौर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शहर के किसी भी मुख्य मार्ग पर स्ट्रीट लाइट बंद नहीं रहनी चाहिए और प्रकाश व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाए।
रात में मुख्य मार्गों का निरीक्षण करेंगी जोन की टीमें
महापौर ने नगर निगम मुख्यालय में विद्युत विभाग और सभी जोन की विद्युत टीमों के साथ बैठक कर शहर की मौजूदा प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली लोगों की आवाजाही को देखते हुए मुख्य मार्गों की स्ट्रीट लाइट को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
सभी जोन की विद्युत शाखाओं को रात के समय वार्डों के प्रमुख मार्गों का निरीक्षण करने के लिए कहा गया है। निरीक्षण के दौरान बंद मिली लाइटों को तत्काल ठीक कराने और स्ट्रीट लाइट से संबंधित शिकायतों पर भी तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
खराब सामग्री के कारण काम में आ रही परेशानी
बैठक के दौरान विद्युत ठेकेदारों ने स्ट्रीट लाइट के सुधार और संधारण कार्य में आ रही व्यवहारिक दिक्कतों से महापौर को अवगत कराया। ठेकेदारों के मुताबिक कई स्थानों पर पुरानी और खराब विद्युत सामग्री के कारण लाइटों की मरम्मत में परेशानी होती है।
ठेकेदारों ने अपने लंबित भुगतान का विषय भी बैठक में रखा। इस पर महापौर ने अधिकारियों को नियमानुसार प्रक्रिया पूरी करते हुए लंबित देयकों के भुगतान की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उपलब्ध सामग्री और पुराने कार्यों की मांगी जानकारी
महापौर ने विद्युत विभाग और सभी जोन कार्यालयों में उपलब्ध स्ट्रीट लाइट संबंधी सामग्री की जानकारी भी मांगी है। इसके साथ ही पहले किए गए स्ट्रीट लाइट सुधार और संधारण कार्यों की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए शहर की प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने और मुख्य मार्गों पर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में विद्युत विभाग अध्यक्ष सुमन पाण्डेय, मुख्य अभियंता संजय बागडे, कार्यपालन अभियंता संदीप शर्मा सहित विद्युत विभाग के अधिकारी और अनुबंधित ठेकेदार उपस्थित रहे।











