कवर्धा की बेटी गीता यादव ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान, भारत की जूनियर हॉकी टीम ने जीता एशिया कप

कवर्धा। चीन में आयोजित एएचएफ महिला जूनियर एशिया कप 2026 में भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने मेजबान चीन को 1-0 से हराकर लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत का हिस्सा बोड़ला की बेटी गीता यादव भी रहीं, जो विजेता भारतीय टीम की सदस्य थीं।

एशिया कप जीतकर बोड़ला लौटने पर गीता यादव का भाजपा जिला महामंत्री नितेश अग्रवाल ने स्वागत किया और उन्हें बधाई दी। उन्होंने गीता की उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बोड़ला की पहचान

नितेश अग्रवाल ने कहा कि बोड़ला की बेटी का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। गीता ने अपनी मेहनत, लगन और खेल प्रतिभा के दम पर अपने माता-पिता के साथ बोड़ला, कबीरधाम और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है।

उन्होंने गीता के माता-पिता और परिवार को भी बधाई देते हुए कहा कि किसी खिलाड़ी की सफलता में परिवार का प्रोत्साहन, सहयोग और त्याग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा

गीता की उपलब्धि को छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों के लिए प्रेरणादायक बताते हुए नितेश अग्रवाल ने कहा कि प्रतिभा किसी बड़े शहर तक सीमित नहीं होती। मेहनत, अनुशासन और संकल्प के साथ छोटे शहरों और गांवों से निकलने वाली बेटियां भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना सकती हैं।

उन्होंने गीता को भविष्य की प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन करने और देश के लिए नई उपलब्धियां हासिल करने की शुभकामनाएं दीं।

एशिया कप विजेता भारतीय टीम का हिस्सा बनने के बाद गीता यादव अब बोड़ला ही नहीं, बल्कि कबीरधाम और छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं के लिए भी एक प्रेरणादायक नाम बनकर सामने आई हैं।

Back to top button