डॉ. भंवर सिंह पोर्ते महाविद्यालय घरघोड़ा बनी उपविजेता
घरघोड़ा। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी खेल कैलेंडर के अंतर्गत शहीद नंद कुमार पटेल विश्वविद्यालय, रायगढ़ द्वारा आयोजित अंतर-महाविद्यालयीन क्रीड़ा प्रतियोगिता की महिला कबड्डी स्पर्धा में डॉ. भंवर सिंह पोर्ते महाविद्यालय, घरघोड़ा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में रायगढ़ जिले के विभिन्न महाविद्यालयों की महिला कबड्डी टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खिलाड़ियों ने पूरे प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, टीम भावना एवं खेल भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में शासकीय किरोड़ीमल महाविद्यालय, रायगढ़ की टीम विजेता तथा डॉ. भंवर सिंह पोर्ते महाविद्यालय, घरघोड़ा की टीम उपविजेता रही।
डॉ. भंवर सिंह पोर्ते महाविद्यालय, घरघोड़ा में बी.ए., बी.एससी., बी.सी.ए., डी.सी.ए., पी.जी.डी.सी.ए., एम.एससी. एवं एम.ए. सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है। महाविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रम, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), रेड क्रॉस तथा शासन द्वारा आयोजित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करता है।
महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं शिक्षा के साथ खेल एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। महाविद्यालय समिति, जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों एवं महाविद्यालय परिवार के सहयोग से संस्था शिक्षा, खेल एवं सामाजिक गतिविधियों के क्षेत्र में निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है।
महिला कबड्डी टीम की इस उपलब्धि को महाविद्यालय की खेल गतिविधियों में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
महाविद्यालय की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। महाविद्यालय प्रबंधन, प्राचार्य, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने टीम के खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।











