भिलाई स्टील प्लांट में कॉपर वायर चोरी: दो और आरोपी गिरफ्तार, पहले 160 किलो तार हो चुका है बरामद

भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट के कोक ओवन क्षेत्र में कॉपर वायर चोरी के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी ग्राम जोरातराई के रहने वाले हैं। पूछताछ के बाद पुलिस ने निखिल कुमार साहू (20) और किशन ठाकुर (22) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। उनके कब्जे से 160 किलो कॉपर वायर और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया था।

CISF ने मौके पर पकड़े थे कुछ आरोपी

पुलिस के मुताबिक घटना 12 अगस्त की रात की है। भिलाई स्टील प्लांट के जंक्शन-12 स्थित कोक ओवन क्षेत्र की गैलरी में कुछ लोग कॉपर वायर निकालकर ले जाने की कोशिश कर रहे थे।

ड्यूटी पर तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने कुछ संदिग्धों को चोरी के सामान के साथ पकड़ लिया था। इसके बाद 13 अगस्त को भिलाई भट्ठी थाने में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

पहले दो आरोपियों से मिला था 160 किलो कॉपर वायर

जांच के दौरान पुलिस ने ग्राम जोरातराई में दबिश देकर घनश्याम मंडावी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से करीब 40 हजार रुपये कीमत का 160 किलो कॉपर वायर बरामद किया गया था।

इसके अलावा करीब 7 हजार रुपये कीमत का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया था। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।

फरार आरोपियों तक ऐसे पहुंची पुलिस

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को चोरी की वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी मिली। दोनों घटना के बाद से फरार थे और पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।

इसी दौरान 20 सितंबर को पुलिस टीम ने जोरातराई क्षेत्र में दबिश देकर निखिल कुमार साहू और किशन ठाकुर को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद दोनों की मामले में संलिप्तता सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

दीवार फांदकर प्लांट परिसर में घुसने का आरोप

पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रात के समय प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था से बचते हुए दीवार फांदकर परिसर में दाखिल हुए थे। इसके बाद कॉपर वायर सहित अन्य सामग्री चोरी करने का प्रयास किया गया।

पुलिस अब मामले में शामिल अन्य लोगों और चोरी की गई सामग्री से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Back to top button