अंबिकापुर में ट्रेनी DSP पर हमला, गणेश विसर्जन जुलूस में विवाद के बाद कार में तोड़फोड़; 6 हिरासत में

अंबिकापुर। गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान रास्ता खाली कराने को लेकर हुए विवाद में ट्रेनी डीएसपी निशांत कुर्रे के साथ मारपीट और उनकी निजी कार में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। घटना मणिपुर थाना क्षेत्र में कंठी और जगदीशपुर के बीच की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में छह युवकों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।

जानकारी के मुताबिक, निशांत कुर्रे दरिमा थाना प्रभारी के रूप में ड्यूटी के बाद रात करीब 10 बजे अंबिकापुर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पर डीजे के साथ गणेश विसर्जन जुलूस निकाला जा रहा था। जुलूस के कारण रास्ता बाधित होने पर उन्होंने वाहन को साइड देने के लिए कहा।

बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर जुलूस में शामिल कुछ युवकों से उनका विवाद हो गया। देखते ही देखते बहस बढ़ गई और युवकों ने ट्रेनी डीएसपी के साथ मारपीट शुरू कर दी।

निजी कार में भी तोड़फोड़

विवाद के दौरान युवकों ने निशांत कुर्रे की निजी कार को भी निशाना बनाया। कार के शीशे तोड़ने के साथ वाहन में तोड़फोड़ की गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मणिपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में घेराबंदी कर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया।

पुलिस के अनुसार, मामले में करीब छह युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान और तलाश की जा रही है।

समझाइश के दौरान विवाद बढ़ने का दावा

अंबिकापुर SDOP राकेश बघेल के मुताबिक, दरिमा थाना प्रभारी निशांत कुर्रे भ्रमण पर थे। रास्ते में गणेश विसर्जन जुलूस के कारण यातायात बाधित था। उन्होंने जुलूस में शामिल लोगों को रास्ता खाली करने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए समझाइश दी थी। इसी दौरान विवाद हुआ और उनके साथ मारपीट की गई।

पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

Back to top button