नेवसा में 53.25 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन, सड़क, तालाब और सामुदायिक भवन को मिली मंजूरी
हरदीबाजार। ग्राम पंचायत नेवसा में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 53 लाख 25 हजार 882 रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्यों की शुरुआत की।
स्वीकृत कार्यों में 19 लाख 59 हजार 488 रुपये की लागत से सामुदायिक भवन सह आहाता निर्माण, 16 लाख 11 हजार 624 रुपये से तालाब गहरीकरण एवं पचरी निर्माण तथा 17 लाख 54 हजार 770 रुपये की लागत से 620 मीटर सीसी रोड निर्माण शामिल है।
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना प्राथमिकता है। सीसी रोड बनने से आवागमन आसान होगा, जबकि तालाब गहरीकरण से जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। सामुदायिक भवन बनने से ग्रामीणों को सामाजिक, धार्मिक और सार्वजनिक आयोजनों के लिए सुविधा मिलेगी।
विकास कार्यों की स्वीकृति और भूमिपूजन से ग्रामीणों में उत्साह देखा गया। ग्रामीणों ने क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर विधायक का आभार जताया।
कार्यक्रम में शिवलाल यादव, जमुना यादव, रामकुमार राठौर, श्रवण यादव, लक्ष्मण प्रसाद यादव, हीरालाल पटेल, हीरामन पटेल, कृष्णा साहू, रफीक खान, मुनेश्वर केवट, दुकालू पटेल, व्यास नारायण पटेल, विजय राठौर, बुधराम, रोहित राठौर, अमृता यादव, रितेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
