बलरामपुर में ACB की कार्रवाई : 22 हजार रुपये रिश्वत लेते नागरिक आपूर्ति निगम का DMO गिरफ्तार
बलरामपुर। सरगुजा एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने बलरामपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए नागरिक आपूर्ति निगम (NAN) के जिला प्रबंधक अधिकारी (DMO) विद्यासागर गोपाल को कथित तौर पर 22 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई कलेक्टोरेट परिसर स्थित नागरिक आपूर्ति निगम के कार्यालय में की गई।
जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर जिले के एक राइस मिल संचालक ने बकाया राशि के भुगतान के एवज में रिश्वत मांगे जाने की शिकायत सरगुजा ACB से की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद ACB ने आरोपी अधिकारी को पकड़ने के लिए कार्रवाई की योजना बनाई।
केमिकल लगे नोट लेकर कार्यालय पहुंचा राइस मिलर
मंगलवार को सरगुजा ACB की टीम टीआई शरद सिंह के नेतृत्व में बलरामपुर पहुंची। शिकायतकर्ता राइस मिल संचालक को केमिकल लगे नोट दिए गए और रिश्वत की रकम लेकर नागरिक आपूर्ति निगम के कार्यालय भेजा गया।
बताया गया कि राइस मिल संचालक ने 22 हजार रुपये DMO विद्यासागर गोपाल को दिए। रकम लेने के बाद शिकायतकर्ता ने ACB टीम को इशारा किया।
रकम बरामद कर DMO को हिरासत में लिया
इशारा मिलते ही ACB की टीम नागरिक आपूर्ति निगम के कार्यालय पहुंची। टीम ने DMO के पास से रिश्वत की रकम बरामद की और उन्हें हिरासत में ले लिया। इसके बाद टीम आरोपी अधिकारी को पूछताछ के लिए रेस्ट हाउस लेकर गई।
कार्रवाई के दौरान कलेक्टोरेट परिसर में कुछ समय के लिए हलचल की स्थिति रही। मामले में ACB द्वारा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
