बुनगा के पांच आंगनबाड़ी केंद्रों में हुआ आंगन मिलन कार्यक्रम, महिलाओं और बच्चों को मिली योजनाओं की जानकारी

पुसौर। सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न विभागों द्वारा जनजागरूकता और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पुसौर क्षेत्र के ग्राम बुनगा के पांच आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं और छोटे बच्चे शामिल हुए।

शासन की योजनाओं की दी गई जानकारी

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत सरपंच बेदप्रकाश साव ने उपस्थित ग्रामीणों को केंद्र और राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों से जुड़ी योजनाओं का लाभ लेने के लिए लोगों को जागरूक किया।

महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से पुष्पमती चौहान ने विभागीय योजनाओं और उनके लाभ के संबंध में जानकारी दी।

आयुर्वेद विभाग ने किया स्वास्थ्य परीक्षण

कार्यक्रम में आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय नायक ने लोगों को आयुर्वेद विभाग की योजनाओं और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में जानकारी दी।

आयुर्वेद विभाग की टीम ने कार्यक्रम में पहुंचे लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। आवश्यकता के अनुसार दवाइयां वितरित की गईं और स्वस्थ रहने के लिए जरूरी सावधानियों एवं जीवनशैली को लेकर परामर्श दिया गया।

छह गर्भवती महिलाओं की हुई गोद भराई

आंगन मिलन कार्यक्रम के दौरान विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इस दौरान 6 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म कराई गई, जबकि 5 बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया।

इसके अलावा दो बालिकाओं का सुकन्या समृद्धि योजना के तहत पोस्ट ऑफिस में खाता खुलवाया गया। पांचों आंगनबाड़ी केंद्रों में न्यौता भोज का भी आयोजन किया गया।

नशामुक्ति और स्वच्छता की दिलाई गई शपथ

कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को नशामुक्ति और स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। इस दौरान स्वस्थ एवं स्वच्छ समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका और सहभागिता पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं से जोड़ने के साथ स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।

जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का रहा सहयोग

कार्यक्रम को सफल बनाने में उपसरपंच दीनबंधु साव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अनिता, चित्रा, हरिप्रिया, रामेश्वरी और उमा, सहायिकाओं, मितानिन, फार्मासिस्ट भोज मालाकार, ग्रहण, योग प्रशिक्षक दुलामनी रजक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का सहयोग रहा।

Back to top button