बालोद में युवती पर एसिड अटैक: प्रेमी ही निकला मास्टरमाइंड, 8 घंटे में दोनों आरोपी गिरफ्तार
बालोद शहर के सिंचाई कॉलोनी में युवती पर हुए सनसनीखेज एसिड अटैक मामले का पुलिस ने 08 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में पीड़िता के कथित प्रेमी सहित दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
*मामला क्या था:*
पीड़ित युवती प्रतिदिन की तरह लाइब्रेरी से अपने घर लौट रही थी, तभी एक अज्ञात व्यक्ति ने उस पर एसिड फेंक दिया। गंभीर रूप से झुलसी युवती की चीख सुनकर मोहल्ले के लोग बाहर आए और उसके पिता को सूचना देकर उसे तुरंत जिला अस्पताल बालोद ले जाया गया। बाद में उसे रायपुर के निजी अस्पताल में रेफर किया गया है, जहां उसका कैशलेस उपचार किया जा रहा है। आरोपी वारदात के बाद तांदुला डैम की ओर फरार हो गया था।
*जांच में हुआ खुलासा – प्रेम, शक और साजिश:*
पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्णा के मार्गदर्शन में SDOP विनय साहू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। मौके से साक्ष्य और शहर के अलग-अलग लोकेशन के CCTV फुटेज व तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने यश कुमार सोनकर को हिरासत में लिया।
पूछताछ में यश सोनकर ने स्वीकार किया कि पीड़िता से उसका लगभग डेढ़ साल से प्रेम संबंध था। वह उससे शादी करना चाहता था, लेकिन उसे शक था कि युवती किसी और लड़के से भी बात करती है। शादी से इंकार करने पर गुस्से में आकर उसने अपने स्कूल फ्रेंड करण कुंजाम, निवासी भैरमगढ़, जिला बीजापुर के साथ मिलकर लगभग तीन महीने पहले ही इस साजिश को रचा।
आरोपियों ने 26 सितंबर को बालोद आकर एसिड खरीदा और 27 सितंबर को गणेश झांकी के दौरान वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई, लेकिन जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के कारण वे सफल नहीं हो पाए।
इसके बाद 05 अक्टूबर को दोपहर 12:30 बजे जब युवती लाइब्रेरी से लौट रही थी, तो यश सोनकर के कहने पर करण कुंजाम ने उस पर एसिड फेंक दिया और लिफ्ट लेकर झलमला, मरकाटोला होते हुए चारामा भाग गया। पुलिस ने उसे कोंडागांव से हिरासत में लिया।
*गिरफ्तार आरोपी:*
1. यश कुमार सोनकर, पिता ईश्वर लाल सोनकर, उम्र 20 वर्ष, वार्ड नं. 11, ग्राम नेवारीकला, जिला बालोद 2. करण कुंजाम, पिता दिनेश कुंजाम, उम्र 20 वर्ष, वार्ड नं. 15, भैरमगढ़, थाना भैरमगढ़, जिला बीजापुर
दोनों आरोपियों ने मेमोरेण्डम कथन में अपराध स्वीकार किया है। घटना में प्रयुक्त एसिड और घटना के समय पहने गए कपड़ों को पुलिस ने जप्त कर लिया है।
पुलिस टीम में थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, थाना प्रभारी गुरुर निरीक्षक मुकेश सिंह, साइबर प्रभारी धरम भुआर्य सहित कोतवाली और साइबर सेल टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि अच्छे से इन्वेस्टिगेशन कर जल्द से जल्द ट्रायल कर पीड़िता को न्याय दिलाया जाएगा।
बालोद पुलिस की अपील:
बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि महिलाओं एवं युवतियों की सुरक्षा से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि, पीछा किए जाने, धमकी या परेशान किए जाने की जानकारी को नजरअंदाज न करें और तत्काल पुलिस को सूचित करें।
