रायगढ़: शेयर मार्केट में रकम दोगुनी करने का झांसा, ग्रामीण महिलाओं से 70.77 लाख की ठगी का आरोप
रायगढ़। शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर कम समय में रकम दोगुनी करने और मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर ग्रामीण महिलाओं से 70 लाख 77 हजार 901 रुपये लेने के मामले में रायगढ़ पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला के पति और मां की भूमिका भी जांच में सामने आई है, जिनकी गिरफ्तारी अभी बाकी है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
घर-घर पहुंचकर निवेश के लिए तैयार करने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, ग्राम जतरी निवासी महिलाओं ने शिकायत में बताया कि मेनका सारथी, निवासी बरतुंगा, जिला सक्ती, जब अपने मायके आती थी तो महिलाओं को शेयर मार्केट में निवेश से अच्छा मुनाफा होने की जानकारी देती थी।
आरोप है कि मेनका ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि उसके बताए तरीके से शेयर मार्केट में पैसा लगाने पर कम समय में रकम दोगुनी हो जाएगी। रकम दोगुनी नहीं होने पर उसने और उसके पति ने अपनी गारंटी पर पैसा लौटाने का भरोसा भी दिलाया।
इस भरोसे के बाद गांव की कई महिलाओं ने नगद और ऑनलाइन माध्यम से रकम देना शुरू किया।
11 से अधिक महिलाओं से लाखों रुपये लेने का आरोप
पुलिस के अनुसार, 6 अप्रैल 2025 से 24 अक्टूबर 2025 के बीच अलग-अलग महिलाओं से रकम ली गई। शिकायत में हारा बाई निषाद से 17.53 लाख, अनिता निषाद से 17.24 लाख, पुष्पा सिदार से 9 लाख, विष्णु प्रिया निषाद से 7.50 लाख समेत अन्य महिलाओं से भी रकम लेने की बात सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, इन सभी लेनदेन को मिलाकर कुल 70,77,901 रुपये की राशि निवेश के नाम पर प्राप्त की गई।
शुरुआत में कुछ निवेशकों को दिया मुनाफा, बाद में रकम लौटाना बंद
पुलिस का कहना है कि शुरुआत में कुछ निवेशकों को लाभ की रकम देकर उनका विश्वास जीता गया। इसके बाद लंबे समय तक न तो अपेक्षित मुनाफा मिला और न ही मूलधन वापस किया गया।
शिकायत के अनुसार, रकम वापस मांगने पर महिलाओं को कथित तौर पर धमकाया भी गया। जांच में यह बात भी सामने आई कि कुछ महिलाओं ने बैंक से लोन लेकर आरोपी महिला को निवेश के लिए रकम दी थी और अब वे स्वयं उन ऋण की किश्तें चुका रही हैं।
तीन बैंक खातों में मिले लाखों के लेनदेन
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच के दौरान पीड़ित महिलाओं और आरोपियों के बैंक खातों की जानकारी जुटाई गई। आरोपी महिला के तीन अलग-अलग बैंक खातों में लाखों रुपये के लेनदेन मिलने की बात पुलिस ने कही है।
बैंक ट्रांजेक्शन, पीड़ितों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने सक्ती जिले के ग्राम बरतुंगा में दबिश देकर मेनका सारथी को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने उसके कब्जे से लेनदेन में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन, तीन बैंक खाते और एटीएम कार्ड जब्त किए हैं।
पति और मां की भूमिका की भी जांच
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी महिला ने अपने पति अक्षय सारथी और मां मीरा सोनवानी के भी इस पूरे मामले में शामिल होने की बात बताई है। पुलिस का दावा है कि पति निवेश के नाम पर महिलाओं को मुनाफे का भरोसा दिलाने और लेनदेन की जानकारी रखने में सहयोग करता था, जबकि मां महिलाओं को निवेश के लिए प्रेरित करने तथा रकम लेने में मदद करती थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने यह भी बताया कि ग्रामीण महिलाओं से प्राप्त रकम को अलग-अलग लोगों के बीच घुमाया जाता था। हालांकि, इस मामले में पति और मां की गिरफ्तारी अभी नहीं हुई है और उनकी भूमिका की जांच जारी है।
साइबर थाने में दर्ज है मामला
रायगढ़ पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को साइबर थाना में अपराध क्रमांक 11/2026 दर्ज किया गया। मामले में धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत मेनका सारथी, अक्षय सारथी और मीरा सोनवानी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
पुलिस ने कहा है कि अन्य संभावित आरोपियों और इस नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
एसएसपी ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने लोगों से शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर कम समय में दोगुना-तिगुना मुनाफा या निश्चित रिटर्न देने के दावों से सावधान रहने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति या संस्था के माध्यम से निवेश करने से पहले उसकी विश्वसनीयता और वैधता की पूरी जानकारी हासिल करें। किसी तरह की वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करें।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल, डीएसपी शिखर मरावी के मार्गदर्शन में साइबर थाना प्रभारी विजय चेलक, उप निरीक्षक संजय नाग, आरक्षक गोविंद पटेल, दीपक प्रधान और महिला आरक्षक अनिता बेक की भूमिका रही।
