रायगढ़ : 15 अक्टूबर को कोलता समाज का नुआखाई भेंटघाट एवं प्रतिभा सम्मान समारोह, 100 से 150 प्रतिभाओं का होगा सम्मान

रायगढ़, 6 अक्टूबर 2026। कोलता समाज संभाग रायगढ़ द्वारा आगामी 15 अक्टूबर को नुआखाई भेंटघाट एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के शामिल होने की जानकारी समाज के पदाधिकारियों ने दी है। समारोह में शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के करीब 100 से 150 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।

इस आयोजन को लेकर मंगलवार को सामुदायिक भवन, कोलता समाज रायगढ़ में समाज के संभागीय अध्यक्ष रत्थूलाल गुप्ता एवं पदाधिकारियों ने पत्रकार वार्ता आयोजित की।

छत्तीसगढ़-ओडिशा की साझा संस्कृति का प्रभाव

पत्रकार वार्ता में रत्थूलाल गुप्ता ने कहा कि रायगढ़ जिला ओडिशा के झारसुगुड़ा और सुंदरगढ़ जिलों से लगा हुआ है। भौगोलिक निकटता के कारण क्षेत्र में छत्तीसगढ़ और ओडिशा की मिश्रित सांस्कृतिक परंपराओं का प्रभाव दिखाई देता है।

उन्होंने बताया कि कोलता समाज की बड़ी आबादी रायगढ़ के अलावा ओडिशा के झारसुगुड़ा और सुंदरगढ़ जिलों में भी निवास करती है। इसी सांस्कृतिक जुड़ाव के चलते नुआखाई पर्व रायगढ़ क्षेत्र में भी पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया जाता है।

कृषि और प्रकृति से जुड़ा है नुआखाई पर्व

समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि कोलता समाज की सामाजिक परंपराओं में कृषि का विशेष महत्व है। नुआखाई पर्व भी कृषि, प्रकृति और पर्यावरण से जुड़ा पर्व माना जाता है।

परंपरा के अनुसार भादों मास के शुक्ल पक्ष की ऋषि पंचमी के अवसर पर नए अन्न को आराध्य देवी-देवताओं को अर्पित करने के बाद परिवार के लोग उसे ग्रहण करते हैं। इसके बाद बड़ों का आशीर्वाद लेने और आपसी मेल-मिलाप की परंपरा के तहत नुआखाई जुहार एवं भेंटघाट का आयोजन किया जाता है।

कई वर्षों से हो रहा है आयोजन

समाज के अनुसार नुआखाई भेंटघाट एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन पिछले कई वर्षों से किया जा रहा है। पूर्व में पुसौर अंचल के पुसौर में भी करीब आठ से दस वर्षों तक इस तरह के आयोजन होते रहे हैं। इस वर्ष कार्यक्रम का आयोजन रायगढ़ में किया जा रहा है।

समारोह में समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित करने के साथ युवा पीढ़ी को शिक्षा और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

समाज की एकजुटता पर दिया जोर

पत्रकार वार्ता के दौरान समाज के पदाधिकारियों ने रायगढ़ संभाग में कोलता समाज की आबादी करीब एक लाख होने का दावा किया। उन्होंने कहा कि समाज लंबे समय से आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और एकता के साथ आगे बढ़ रहा है।

संभागीय अध्यक्ष रत्थूलाल गुप्ता ने कहा, “कोलता समाज एक है, एकजुट है और अपनी संस्कृति, परंपरा एवं सामाजिक एकता को मजबूत करते हुए निरंतर आगे बढ़ेगा।”

पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि कुछ लोगों द्वारा समाज को विभाजित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि, समाज की ओर से एकता और सामाजिक सौहार्द बनाए रखते हुए सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने की बात कही गई।

समाज के पदाधिकारी रहे मौजूद

पत्रकार वार्ता में संभागीय अध्यक्ष रत्थूलाल गुप्ता, संभागीय महामंत्री टीकाराम प्रधान, प्रदेश उपाध्यक्ष जगदीश प्रधान, प्रदेश कोषाध्यक्ष गोविंद देहरी, पुसौर अंचल अध्यक्ष जगन्नाथ प्रधान, रायगढ़ अंचल अध्यक्ष मनोरंजन नायक, विशेश्वर भोई, मीडिया सलाहकार शेषचरण गुप्त, रायगढ़ शहर अध्यक्ष खीतिभूषण गुप्ता, सरिया अंचल अध्यक्ष कुरूपति गुप्ता, व्यापारिक प्रकोष्ठ संयोजक सरोज गुप्ता, घनश्याम प्रधान, संभागीय सह सचिव कन्हैया गुप्ता तथा शिक्षा एवं संस्कृति प्रकोष्ठ के संयोजक एवं प्रवक्ता मुरलीधर प्रधान सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

समाज के पदाधिकारियों ने पत्रकारों एवं मीडिया के माध्यम से 15 अक्टूबर के नुआखाई भेंटघाट एवं प्रतिभा सम्मान समारोह की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने तथा समाज के सभी वर्गों की व्यापक सहभागिता की अपील की।

Back to top button