रायगढ़ में नवरात्र की धूम, बूढ़ी माई मंदिर में जलाए जा रहे 2 हजार दीप; बंजारी मंदिर में भी विशेष पूजा

रायगढ़। शारदीय नवरात्र के पहले दिन रायगढ़ शहर के देवी मंदिरों में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। सुबह से ही श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे। प्रमुख मंदिरों में घट स्थापना के साथ नौ दिवसीय आराधना की शुरुआत हुई। मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और भजन-कीर्तन के जरिए मां की स्तुति की जा रही है।

बूढ़ी माई मंदिर में विशेष आयोजन, 2 हजार दीप प्रज्वलित

रायगढ़ के प्रसिद्ध बूढ़ी माई मंदिर में नवरात्र के पहले दिन विशेष धार्मिक आयोजन किए गए। मंदिर में 2 हजार दीप प्रज्वलित किए जा रहे हैं। अभिजीत मुहूर्त में विधि-विधान से घट स्थापना कर मां दुर्गा की आराधना शुरू की गई।

मंदिर समिति के अध्यक्ष राजू पांडे ने बताया कि नवरात्र की तैयारियां करीब एक सप्ताह पहले से चल रही थीं। मंदिर को आकर्षक तरीके से सजाया गया है। श्रद्धालुओं को दर्शन और पूजा-अर्चना के दौरान परेशानी न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्था भी की गई है।

मां बंजारी मंदिर में पूजा-अर्चना, ठाकुर देव मंदिर से निकली कलश यात्रा

तराईमाल स्थित मां बंजारी मंदिर में भी नवरात्र की शुरुआत पारंपरिक विधि-विधान के साथ हुई। यहां श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

वहीं, ठाकुर देव दुर्गा मंदिर से कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। शहर के अलग-अलग देवी मंदिरों में धार्मिक आयोजनों के साथ नवरात्र का उत्साह नजर आया।

अष्टमी पर निशा पूजा और कन्या भोज

बूढ़ी माई मंदिर समिति के अध्यक्ष राजू पांडे के अनुसार, नवरात्र के दौरान विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाएगा। अष्टमी की रात निशा पूजा होगी, जबकि सुबह नौ कन्याओं को भोज कराया जाएगा।

नवरात्र के नौ दिनों तक मंदिरों में पूजा-पाठ और धार्मिक कार्यक्रमों के जरिए श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना करेंगे। शहर के देवी मंदिरों में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।

Back to top button