जशपुर में ममता शर्मसार! …… 1.80 लाख में बच्चे का सौदा करने का आरोप, मां समेत 5 गिरफ्तार; पश्चिम बंगाल से मासूम सकुशल बरामद

जशपुर | 14 अक्टूबर 2026 

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। कुनकुरी थाना क्षेत्र में करीब 9 से 10 माह के मासूम बच्चे की कथित खरीद-फरोख्त के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, बच्चे की मां पर उसे ₹1 लाख 80 हजार में बेचने का आरोप है। मामले में मां समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने पश्चिम बंगाल में कार्रवाई करते हुए बच्चे को सकुशल बरामद कर सुरक्षित संरक्षण में लिया है।

  • 1 लाख 80 हजार में बच्चे को बेचने का आरोप

जशपुर पुलिस के अनुसार, मामले की शुरुआत 12 अगस्त 2026 को हुई, जब लक्ष्मी बाई, निवासी ब्लॉक कॉलोनी कुनकुरी, ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

पुलिस की विवेचना में सामने आया कि यशोदा यादव ने 18 दिसंबर 2025 को बच्चे को जन्म दिया था। आरोप है कि मार्च 2026 में सुकरू आलम उर्फ बंगाली के माध्यम से बच्चे को पश्चिम बंगाल निवासी शेख अलविन को ₹1 लाख 80 हजार में बेच दिया गया।

  •  पुलिस की जांच में पश्चिम बंगाल तक पहुंचे तार

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पश्चिम बंगाल निवासी सुकरू आलम उर्फ बंगाली को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में बच्चे को पश्चिम बंगाल पहुंचाने से संबंधित जानकारी सामने आई।

इसके बाद डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित कर पश्चिम बंगाल भेजी गई। वहां शेख अलविन से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, उसने कथित तौर पर मार्च 2026 में बच्चे को ₹1 लाख 80 हजार में खरीदकर अपनी बेटी को देने की बात बताई।

  • पश्चिम बंगाल से मासूम सकुशल बरामद

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए बच्चे को बरामद किया और बरामदगी पंचनामा तैयार कर उसे सुरक्षित संरक्षण में लिया। बरामद बच्चे की उम्र लगभग 9 से 10 माह बताई गई है। बच्चे की सकुशल बरामदगी के बाद मामले में आगे की वैधानिक प्रक्रिया जारी है।

 मां समेत पांच आरोपी गिरफ्तार

जशपुर पुलिस के मुताबिक, इस मामले में निम्नलिखित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है:

1. सुकरू आलम उर्फ बंगाली, उम्र 43 वर्ष — निवासी ग्राम लालपुर भीमचक, थाना भगवानपुर, जिला मदनापुर, पश्चिम बंगाल।
2. शेख अलविन, उम्र 52 वर्ष — निवासी ग्राम लालपुर भीमचक, थाना भगवानपुर, जिला मदनापुर, पश्चिम बंगाल।
3. यशोदा यादव, उम्र 29 वर्ष — निवासी बेंदरभदरा, थाना कुनकुरी, जिला जशपुर; बच्चे की मां।
4. निर्मला तिर्की, उम्र 45 वर्ष — निवासी ग्राम जोकारी, थाना कुनकुरी; वर्तमान निवास सुखबासु पारा, राजू नगर, कुनकुरी।
5. फुलकुवारी यादव, उम्र 50 वर्ष — निवासी बेंदरभदरा, थाना कुनकुरी, जिला जशपुर।

⚖️ इन धाराओं के तहत दर्ज है मामला

इस प्रकरण में थाना कुनकुरी में अपराध क्रमांक 149/2026 के तहत किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम की धारा 81 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 143(4) और 61(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस मामले की अग्रिम विवेचना कर रही है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

बच्चे की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक भूपेन्द्र सिंह चंद्रा, सहायक उप निरीक्षक नीता कुर्रे, प्रधान आरक्षक अलीका पैंकरा, ढलेश्वर यादव एवं आरक्षक आलोक तिर्की की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जशपुर पुलिस की इस कार्रवाई से मासूम की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मामले में पुलिस की आगे की जांच जारी है।

Back to top button