पुलिस स्मृति दिवस पर रायगढ़ पुलिस ने अमर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, शहीद परेड में 154 पुलिसकर्मियों के नामों का किया गया वाचन
रायगढ़। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार, 21 अक्टूबर को रक्षित केंद्र उर्दना स्थित शहीद परेड ग्राउंड में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान देश की सुरक्षा और नागरिकों की सेवा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को नमन किया गया। शहीद परेड में 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए विभिन्न रैंक के 154 पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह शामिल हुए। इस अवसर पर रायगढ़ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बब्बन पठारे, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सलीम निहारिया, वार्ड पार्षद आनंद भगत और शहीद परिवारों के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम एसएसपी शशि मोहन सिंह की मौजूदगी में संपन्न हुआ।
शहीद परेड में जवानों ने दी सलामी
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में छठवीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की एक प्लाटून तथा जिला पुलिस बल रायगढ़ और सारंगढ़ की संयुक्त प्लाटून ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षु सूबेदार उदय चंद कोसले ने प्लाटून कमांडर की जिम्मेदारी निभाई।
परेड कमांडर के निर्देश पर शोक शस्त्र की कार्यवाही संपन्न हुई। इसके बाद उपस्थित जवानों ने शीश झुकाकर अमर शहीदों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
शहीद परिवारों को शाल और श्रीफल देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को शाल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। इसके बाद जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, जवानों और शहीद परिवारों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
शहीद परिवारों के कल्याण पर दिया जोर
राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी दी जा सकती है, जब उनके परिवारों के भविष्य को सुरक्षित रखने के साथ उनकी जरूरतों और समस्याओं का भी ध्यान रखा जाए। उन्होंने शहीद परिवारों के कल्याण के लिए संवेदनशीलता के साथ लगातार प्रयास करने को सभी की जिम्मेदारी बताया।
परिवारों की समस्याओं के निराकरण का आश्वासन
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस केवल शहीदों के बलिदान को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि उनके परिवारों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का दिन भी है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में जिले के शहीद परिवारों को आमंत्रित कर उनसे आत्मीय चर्चा की गई। इस दौरान परिवारों की समस्याएं और सुझाव सुने गए तथा उनके शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया गया।
एसएसपी ने कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस आमजन की सेवा, सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव तत्पर है। कार्यक्रम में शहीद परिवारों के आवागमन और स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। साथ ही सभी परिवारों को सम्मानपूर्वक उनके निवास स्थान तक पहुंचाया गया।
पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात पुष्पेंद्र बघेल, डीएसपी उन्नति ठाकुर, सीएसपी राहुल उइके, उत्तम प्रताप सिंह, सुशांतो बनर्जी, रक्षित निरीक्षक अमित सिंह, प्रभारी जिविशा निरीक्षक किशोर कुमार केरकेट्टा और कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं पुलिस परिवारजन उपस्थित रहे।
