बेमेतरा में बिजली कटौती से भड़के किसान, सबस्टेशन का घेराव कर किया चक्काजाम

बेमेतरा। जिले के ग्राम झाल में अनियमित बिजली आपूर्ति से परेशान किसानों और जनपद सदस्यों ने शुक्रवार को बिजली सबस्टेशन का घेराव कर बेमेतरा-नवागढ़ मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। किसानों का कहना है कि फसल अंतिम चरण में है और सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी की जरूरत है, लेकिन नियमित बिजली नहीं मिलने से फसलों को नुकसान होने का खतरा बढ़ गया है। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने अटल ज्योति योजना के तहत निर्धारित समय के अनुसार बिजली उपलब्ध कराने की मांग की।

15 दिन पहले भी किया था सबस्टेशन का घेराव

किसानों के मुताबिक, करीब 15 दिन पहले भी बिजली की समस्या को लेकर झाल सबस्टेशन का घेराव किया गया था। उस समय बिजली विभाग के अधिकारियों ने लिखित आश्वासन दिया था कि निर्धारित समय के अनुसार बिजली आपूर्ति की जाएगी। इसके बाद किसानों ने आंदोलन समाप्त कर दिया था।

हालांकि, किसानों का आरोप है कि आश्वासन के बावजूद पिछले कई दिनों से उन्हें प्रतिदिन केवल 4 से 8 घंटे तक ही बिजली मिल रही है। इससे खेती-किसानी प्रभावित हो रही है और नाराज किसानों को दोबारा सड़क पर उतरना पड़ा।

किसानों ने की 18 घंटे बिजली देने की मांग

जनपद सदस्य शुभम गंधर्व ने बताया कि पिछली बार आंदोलन के दौरान बिजली विभाग की जूनियर इंजीनियर (जेई) ने लिखित आश्वासन दिया था। इसके बावजूद बिजली आपूर्ति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। किसानों की मांग है कि शासन के निर्धारित नियमों के अनुसार उन्हें 18 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाए, ताकि फसलों की सिंचाई समय पर हो सके।

जनपद सदस्य दीपक दिनकर ने कहा कि करीब 15 दिन पहले भी किसानों को 16 घंटे बिजली देने का आश्वासन मिला था, लेकिन समस्या फिर सामने आ गई। उन्होंने कहा कि फसल इस समय अंतिम चरण में है और सिंचाई के लिए पानी बेहद जरूरी है। पर्याप्त बिजली नहीं मिलने के कारण किसानों को आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

कभी 7-8 घंटे बिजली, फिर आपूर्ति बंद

किसान उमेद सिंह भारती के मुताबिक, बिजली की अनियमित आपूर्ति से खेती का काम प्रभावित हो रहा है। कभी 7 से 8 घंटे बिजली मिलती है, फिर आपूर्ति बंद हो जाती है। ऐसे में किसान समय पर खेतों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं।

किसानों को आशंका है कि यदि समय रहते पर्याप्त बिजली नहीं मिली, तो फसलों को नुकसान हो सकता है। इसी समस्या को लेकर उन्होंने सबस्टेशन का घेराव किया और बेमेतरा-नवागढ़ मार्ग पर चक्काजाम कर अपनी मांगें रखीं।

बिजली विभाग ने दिया 18 घंटे आपूर्ति का आश्वासन

बिजली विभाग की जेई ने बताया कि ग्राम झाल सबस्टेशन में किसानों ने अटल ज्योति लाइन से नियमित बिजली आपूर्ति की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों को शासन के नियमों के अनुसार 18 घंटे बिजली उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है।

अब किसानों की नजर बिजली आपूर्ति में होने वाले सुधार पर है। उनका कहना है कि फसल को बचाने के लिए समय पर और नियमित बिजली मिलना जरूरी है।

Back to top button