रायपुर पहुंचीं भाजपा प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में हुआ स्वागत
रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी दो दिवसीय दौरे पर रविवार को राजधानी रायपुर पहुंचीं। उनके साथ प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी पहुंचे। रायपुर आगमन पर भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान पार्टी संगठन की ओर से स्वागत कार्यक्रम को सादगीपूर्ण रखा गया।
स्मृति ईरानी के दौरे के दौरान प्रदेश भाजपा संगठन की गतिविधियों और कामकाज की समीक्षा की जाएगी। 25 और 26 अक्टूबर को प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में संगठन के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकें निर्धारित हैं।
दो दिनों में होंगी 12 बैठकें
दौरे के पहले दिन प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग और जिला प्रभारियों, पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों तथा पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ चर्चा का कार्यक्रम रखा गया है। शाम को भाजपा कोर ग्रुप की बैठक भी निर्धारित है।
सोमवार को प्रदेश के विधायकों, सांसदों, मंत्रियों और निगम-मंडल तथा आयोगों के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों के साथ बैठकें होंगी।
संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर जोर
बैठकों में संगठनात्मक गतिविधियों, पदाधिकारियों के बीच समन्वय और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। पार्टी नेतृत्व विभिन्न स्तरों से फीडबैक लेकर संगठन के कामकाज की समीक्षा करेगा।
स्मृति ईरानी के प्रदेश प्रभारी बनने के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ दौरा है। दो दिवसीय प्रवास के दौरान संगठन और जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद पर विशेष जोर रहेगा।
