रायपुर बिलासपुर हाईवे पर खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार बस 3 यात्रियों की मौत लगभग 8 घायल
बलौदाबाजार / मुंगेली – ग्राम दरचुरा (दामाखेड़ा) के पास आज तड़के बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। अंबिकापुर से रायपुर जा रही रॉयल ट्रेवल्स की बस सड़क पर खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में 3 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 से 10 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
हादसा सोमवार सुबह करीब 4 से 5:30 बजे के बीच, ग्राम दरचुरा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास हुआ। बस क्रमांक CG 04 NM 0859 में करीब 22 यात्री सवार थे।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक बस काफी तेज रफ्तार में थी। सुबह का समय होने के कारण ज्यादातर यात्री नींद में थे। इसी दौरान सड़क पर खराब खड़े ट्रक से बस जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और बस में चीख-पुकार मच गई।
प्राथमिक जांच में ड्राइवर को झपकी / आंख लगना हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
राहत-बचाव कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। बस में फंसे यात्रियों को गैस कटर से काटकर बाहर निकाला गया।
घायलों को तत्काल नजदीकी सिमगा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों के शवों को मर्च्युरी में रखवाया गया है। अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है।
प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य जारी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

