सूरजपुर : महिला एवं बाल अपराधों की जांच के लिए खुला नया महिला थाना, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया शुभारंभ

सूरजपुर। जिले में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से नवनिर्मित महिला थाने की शुरुआत की गई है। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने फीता काटकर थाने का शुभारंभ किया। अब जिले में महिला एवं बाल अपराधों से जुड़े मामलों की शिकायत, जांच और विवेचना के लिए अलग थाना उपलब्ध होगा।

महिला सेल को उन्नत कर बनाया गया पूर्ण थाना

दरअसल, जून 2022 में राज्य शासन ने सूरजपुर में महिला थाना स्थापित करने की स्वीकृति दी थी। इससे पहले जिले में महिलाओं से संबंधित मामलों पर महिला सेल के माध्यम से कार्रवाई की जाती थी। अब इसी महिला सेल का उन्नयन कर उसे पूर्ण महिला थाने का रूप दिया गया है।

नए थाने में पीड़ित महिलाओं और बच्चियों को अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए अलग व्यवस्था मिलेगी। साथ ही शिकायत और जांच की प्रक्रिया के दौरान उन्हें सुरक्षित एवं संवेदनशील वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।

दुष्कर्म, छेड़छाड़ और दहेज प्रताड़ना के मामलों की होगी जांच

महिला थाने में महिलाओं से जुड़े गंभीर अपराधों की शिकायतों और विवेचना की जिम्मेदारी रहेगी। इनमें प्रमुख रूप से दुष्कर्म, छेड़छाड़, दहेज प्रताड़ना और दहेज मृत्यु के मामले शामिल हैं।

इसके अलावा पॉक्सो अधिनियम के तहत दर्ज होने वाले अपराधों की जांच भी महिला थाने के माध्यम से की जाएगी।

संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई पर रहेगा जोर

पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल ने बताया कि महिला थाना शुरू करने का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करना तथा पीड़ितों को संवेदनशीलता के साथ न्याय दिलाने की प्रक्रिया को मजबूत करना है।

उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल अपराधों को लेकर आम लोगों में जागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

महिला थाने की शुरुआत को जिले में महिला सुरक्षा और महिला संबंधी अपराधों की जांच व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Back to top button