रायगढ़ : “ऑपरेशन अंकुश” के तहत जुआ फड़ों पर पुलिस की दबिश, 11 जुआरी गिरफ्तार; 48,800 रुपये जब्त
रायगढ़। जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन अंकुश” के तहत चक्रधरनगर और छाल पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ों से कुल 48,800 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और 8 मोबाइल फोन सहित अन्य सामग्री जब्त की है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
पंडरीपानी में काटपत्ती जुआ खेलते दो गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, चक्रधरनगर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा को सूचना मिली थी कि पंडरीपानी पूर्व बस्ती के बाहर खुले मैदान में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर काटपत्ती जुआ खेल रहे हैं।
सूचना पर प्रशिक्षु उप निरीक्षक हर्ष चन्द्राकर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों के रास्ते भाग निकले, जबकि प्रवीण कुमार निषाद (37 वर्ष), निवासी चिरजीवीदास नगर और अजय कुमार कुसराम (43 वर्ष), निवासी पंडरीपानी पूर्व को मौके से पकड़ लिया गया।
पुलिस ने दोनों के कब्जे और जुआ फड़ से 24,800 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और एक प्लास्टिक चटाई जब्त की। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई।
छाल में दो जुआ फड़ों पर एक साथ दबिश, 9 गिरफ्तार
इधर, छाल थाना क्षेत्र में 1 और 2 नवंबर की दरमियानी रात पुलिस को ग्राम बांधापाली मंदिर के पास खेदापाली क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी।
थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान के निर्देश पर सहायक उप निरीक्षक शिव खरे और प्रधान आरक्षक शंभू पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दो अलग-अलग जुआ फड़ों पर दबिश दी।
पहले जुआ फड़ से मुकेश कुमार साहू, दुरबिन लाल यादव, सुरेन्द्र कुमार नायक, विरेन्द्र उर्फ दामोदर और बलराम सिंह उर्फ रवि ठाकुर को पकड़ा गया। इनके कब्जे से 12,450 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और 4 मोबाइल फोन जब्त किए गए।
दूसरे जुआ फड़ से पंचम सिंह गोंड, राजेन्द्र उर्फ राजा निर्मलकर, दीपक पटेल और ललेश चन्द्रा को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 11,550 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और 4 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
एसएसपी ने दी अवैध गतिविधियों की सूचना देने की अपील
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियां सामाजिक और आर्थिक अपराधों को बढ़ावा देती हैं। रायगढ़ पुलिस ऐसे कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने नागरिकों से जिले में कहीं भी जुआ-सट्टा संचालित होने की सूचना पुलिस को देने की अपील की।
इस कार्रवाई में चक्रधरनगर और छाल थाने की पुलिस टीमों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


