रायगढ़ : सुभाष नगर बंगाली पारा में दीपावली पर विराजित हुईं मां काली, पांच दिनों तक होंगे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन
आधी रात मंत्रोच्चार के बीच स्थापित की गई प्रतिमा, महिलाओं ने रखा निर्जला व्रत; धुनची, डांस प्रतियोगिता और महाभंडारे का होगा आयोजन
रायगढ़। शहर के सुभाष नगर बंगाली पारा में दीपावली की रात परंपरागत रूप से मां काली की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। यहां हर साल दीपावली के अवसर पर मां काली की पूजा का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी पांच दिवसीय धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए समाज के लोगों ने विशेष तैयारियां की हैं।
मां काली की पूजा के लिए करीब एक सप्ताह पहले से तैयारियां चल रही थीं। रविवार रात लगभग 12 बजे काली मंदिर में मंत्रोच्चार के बीच मां की प्रतिमा स्थापित की गई। इसके बाद फूल-माला, सिंदूर और दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। समाज के लोगों ने रातभर जागरण किया। इस अवसर पर महिलाओं ने निर्जला व्रत रखा और अगले दिन पूजा के बाद व्रत का पारण किया।
दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु
प्रतिमा स्थापना के बाद से ही मंदिर में मां काली के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया है। सुबह से भक्तों की आवाजाही बनी हुई है। पंडाल और मंदिर परिसर को आकर्षक झालरों, रंग-बिरंगी लाइटों और सजावटी सामग्री से सजाया गया है।
धुनची और बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे
पांच दिवसीय आयोजन के तहत सोमवार को धुनची कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं मंगलवार को बच्चों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम और डांस प्रतियोगिता होगी। इसमें समाज के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र के बच्चे भी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में शामिल बच्चों को पुरस्कृत किया जाएगा।
महाभंडारे में श्रद्धालुओं को मिलेगा प्रसाद
मां काली युवा समिति के सदस्यों के अनुसार, आयोजन के दौरान प्रतिदिन मां को भोग अर्पित किया जा रहा है और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया जा रहा है। इसके अलावा महाभंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त प्रसाद ग्रहण करेंगे।
शुक्रवार को होगा प्रतिमा विसर्जन
समिति के सदस्यों ने बताया कि पूजा आयोजन की तैयारियां कई दिन पहले से शुरू कर दी जाती हैं। इस वर्ष मां काली की प्रतिमा कोतरा रोड से लाई गई है। पांच दिवसीय पूजा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के समापन के बाद शुक्रवार को विधि-विधान के साथ मां काली की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।























































