भोरमदेव में मवेशी व्यापारियों को बंधक बनाकर लूट 4 आरोपी गिरफ्तार
कबीरधाम। मवेशी व्यापारियों को बंधक बनाकर मारपीट, लूटपाट और फिरौती वसूलने के मामले में भोरमदेव पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2 मोटरसाइकिल, 3 मोबाइल फोन और 25 हजार रुपये नगद सहित कुल 1,42,000 रुपये की संपत्ति जप्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा डीएसपी प्रमिला मंडावी के पर्यवेक्षण में थाना भोरमदेव पुलिस ने यह कार्रवाई की।
मामला 2 नवंबर 2026 का है। ग्राम रौचन निवासी कुलेश्वर विश्वकर्मा अपने साथी गुनु धुर्वे एवं शिव प्रसाद के साथ खरीदे हुए 9 मवेशियों को बिक्री के लिए ग्राम सारसडोल, थाना मलाजखंड, जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश) ले जा रहे थे। रात करीब 9 बजे चढ़चौड़ा जंगल के ढलान के पास विश्राम के दौरान ग्राम केसदा निवासी कामू बैगा अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और तीनों व्यापारियों के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
आरोपियों ने कुलेश्वर विश्वकर्मा से 10 हजार रुपये और मोबाइल फोन, शिव प्रसाद से 40 हजार रुपये और मोबाइल फोन तथा गुनु धुर्वे से 20 हजार रुपये नगद लूट लिए। इसके बाद तीनों को कब्जे में लेकर ग्राम केसदा की ओर ले जाकर 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी। बातचीत के बाद आरोपियों ने अपने बताए बैंक खाते में अलग-अलग किश्तों में कुल 90 हजार रुपये जबरन ट्रांसफर कराए। रकम मिलने के बाद व्यापारियों को मवेशियों सहित छोड़ दिया गया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर 8 नवंबर 2026 को थाना भोरमदेव में अपराध क्रमांक 59/2026, धारा 309(6), 140(3), 119(1), 296, 351(3), 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस टीम ने प्रार्थी एवं उसके साथियों के कथन दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। संदेहियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ करने पर घटना में संलिप्तता सामने आई। मेमोरेण्डम कथनों के आधार पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, नगदी और बैंक खाते में फिरौती की रकम से जुड़े साक्ष्य बरामद किए गए।
जप्ती का विवरण
• कामू बैगा के कब्जे से बैंक खाते में फिरौती की रकम प्राप्त होने से संबंधित 89,000 रुपये के ट्रांजेक्शन का स्क्रीनशॉट एवं एक मोबाइल फोन कीमत 40,000 रुपये बरामद हुआ। • चंदन सिंह धुर्वे के कब्जे से 10,000 रुपये नगद, एक मोबाइल फोन कीमत 6,000 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल कीमत 20,000 रुपये बरामद हुई। • महेश धुर्वे के कब्जे से 5,000 रुपये नगद, एक मोबाइल फोन कीमत 1,000 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल कीमत 50,000 रुपये बरामद हुई। • सुरेश धुर्वे के कब्जे से 10,000 रुपये नगद बरामद हुए।
इस प्रकार कुल 25,000 रुपये नगद, तीन मोबाइल फोन कीमत 47,000 रुपये तथा दो मोटरसाइकिल कीमत 70,000 रुपये, कुल 1,42,000 रुपये की संपत्ति जप्त की गई। इसके अतिरिक्त 89,000 रुपये के ट्रांजेक्शन का स्क्रीनशॉट भी महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में जप्त किया गया।
प्रकरण में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर चारों आरोपियों को 9 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
1. कामू बैगा पिता चैतराम बैगा, उम्र 30 वर्ष। 2. चंदन सिंह धुर्वे पिता स्व. बुधराम धुर्वे, उम्र 54 वर्ष। 3. महेश धुर्वे पिता उदेराम धुर्वे, उम्र 22 वर्ष। 4. सुरेश धुर्वे पिता रतन धुर्वे, उम्र 37 वर्ष।
चारों आरोपी निवासी ग्राम केसदा, थाना भोरमदेव, जिला कबीरधाम के हैं।
कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों एवं मवेशी व्यापारियों से अपील की है कि मवेशियों के क्रय-विक्रय एवं परिवहन के दौरान सतर्कता बरतें। किसी भी प्रकार की धमकी, मारपीट, लूटपाट अथवा जबरन वसूली की घटना होने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भोरमदेव निरीक्षक लालमन साव, एएसआई दिनेश झरिया, एएसआई संजीव तिवारी, साइबर टीम, महिला प्रधान आरक्षक सुखबती भलावी, आरक्षक रूबी राय, आरक्षक राम यादव एवं आरक्षक अभिनय तिवारी सहित थाना भोरमदेव पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।























































