छत्तीसगढ़

सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 16 नवंबर से ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान, होटल-ढाबों का होगा शत-प्रतिशत निरीक्षण

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 14 नवंबर 2026। आम नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में 16 से 30 नवंबर 2026 तक 15 दिवसीय विशेष अभियान ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ चलाया जाएगा। इस दौरान होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, कैंटीन, कैटरिंग सेवाओं, स्ट्रीट फूड वेंडर्स और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का शत-प्रतिशत निरीक्षण किया जाएगा। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने संबंधित अधिकारियों को अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए हैं।

सुरक्षित आहार, हमर अधिकार अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का प्रतीकात्मक दृश्य
खाद्य सुरक्षा और स्वच्छ भोजन के प्रति जागरूकता अभियान का प्रतीकात्मक चित्र

खबर की मुख्य बातें

  • अभियान: 16 से 30 नवंबर 2026 तक चलेगा।
  • निरीक्षण: होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की शत-प्रतिशत जांच।
  • विशेष निगरानी: खाद्य पदार्थों में प्रतिबंधित और अनधिकृत रंगों के उपयोग की जांच।
  • लाइसेंस: वैध खाद्य लाइसेंस या पंजीयन की जांच।
  • कार्रवाई: अस्वच्छता और खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर वैधानिक कार्रवाई।

जिलेभर के खाद्य प्रतिष्ठानों का होगा निरीक्षण

राज्य शासन के निर्देशानुसार प्रदेशभर में संचालित इस अभियान के तहत सारंगढ़ एवं बिलाईगढ़ विकासखंड में खाद्य प्रतिष्ठानों की पहचान कर सूची तैयार की जाएगी। निर्धारित अवधि में सभी संबंधित प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जाएगा। अभियान के संबंध में खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ के नियंत्रक सह आयुक्त दीपक कुमार अग्रवाल ने 13 नवंबर 2026 को प्रदेश के सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

खाद्य प्रतिष्ठान की रसोई में कर्मचारी स्वच्छता मानकों के अनुसार भोजन तैयार करते हुए
खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन जरूरी। प्रतीकात्मक तस्वीर।

रसोईघर से कर्मचारियों की स्वच्छता तक होगी जांच

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों के परिसर, रसोईघर, खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं परोसने के स्थान, बर्तन, उपकरण और भंडारण व्यवस्था की जांच होगी। कच्चे और पके खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखने, सुरक्षित तापमान पर भंडारण, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, कचरे के उचित निपटान, नालियों की सफाई और कीट नियंत्रण व्यवस्था का भी परीक्षण किया जाएगा।

खाद्य कारोबार में लगे कर्मचारियों के स्वच्छ वस्त्र, एप्रन और हेड कवर के उपयोग के साथ उनके स्वास्थ्य परीक्षण से संबंधित अभिलेख भी देखे जाएंगे।

प्रतिबंधित रंगों के इस्तेमाल पर विशेष निगरानी

अभियान के दौरान मिठाइयों, ग्रेवी, बिरयानी, करी, चटनी, पेय पदार्थों, चाट, मंचूरियन, फास्ट फूड और अन्य तैयार खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल किए जा रहे रंगों की विशेष जांच की जाएगी। जिन खाद्य पदार्थों में रंगों के उपयोग की अनुमति नहीं है, उनमें रंग पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

गैर-खाद्य, औद्योगिक, प्रतिबंधित अथवा अनधिकृत रंग मिलने पर संबंधित खाद्य पदार्थ और रंग को जब्त कर विनष्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।

बिना लाइसेंस कारोबार पर होगी वैधानिक कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत प्रत्येक खाद्य कारोबारकर्ता के लिए वैध खाद्य अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) अथवा पंजीयन अनिवार्य है। निरीक्षण के दौरान इसकी भी जांच होगी। बिना वैध लाइसेंस या पंजीयन के होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, ठेला, गुमटी, मिठाई दुकान अथवा अन्य खाद्य कारोबार संचालित पाए जाने पर संबंधित संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं से अपना वैध लाइसेंस या पंजीयन प्रतिष्ठान में प्रदर्शित रखने और खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का पालन करने की अपील की है।

गंभीर कमियां मिलने पर बंद कराया जा सकता है प्रतिष्ठान

निरीक्षण में गंभीर स्वच्छता संबंधी कमियां या खाद्य सुरक्षा के लिए जोखिमपूर्ण स्थिति पाए जाने पर सुधार सूचना जारी करने, नमूना संकलित करने, लाइसेंस या पंजीयन निलंबित करने सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है। अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य निर्माण या गंभीर जोखिम मिलने पर कमियों का निराकरण होने तक प्रतिष्ठान का संचालन बंद कराने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता के प्रति किया जाएगा जागरूक

अभियान के दौरान खाद्य कारोबारकर्ताओं को सुरक्षित खाद्य निर्माण, स्वच्छता और हाइजीन मानकों के प्रति जागरूक किया जाएगा। खाद्य पदार्थों की पैकिंग एवं परोसने में अखबारी कागज का उपयोग नहीं करने और खाद्य पदार्थों को सुरक्षित रखने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले के सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं से अभियान में सहयोग करने और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है। विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य जिले में सुरक्षित एवं स्वच्छ खाद्य वातावरण स्थापित करना और नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है।

Show More
भीम तिवारी

भीम तिवारी

प्रधान संपादक
Back to top button