जशपुरनगर, 14 नवंबर 2026। आम नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जशपुर जिले में 16 से 30 नवंबर 2026 तक 15 दिवसीय विशेष अभियान “सुरक्षित आहार, हमर अधिकार” चलाया जाएगा। अभियान के दौरान होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, कैंटीन, कैटरिंग सेवाओं, स्ट्रीट फूड वेंडर्स और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का शत-प्रतिशत निरीक्षण किया जाएगा।

अभियान की मुख्य बातें
- अभियान अवधि: 16 से 30 नवंबर 2026
- जिले के खाद्य प्रतिष्ठानों का शत-प्रतिशत निरीक्षण
- रसोई, भंडारण, पेयजल और कर्मचारियों की स्वच्छता की जांच
- प्रतिबंधित रंगों और बिना लाइसेंस कारोबार पर कार्रवाई
होटल, ढाबे और स्ट्रीट फूड वेंडर्स का होगा निरीक्षण
अभियान के तहत जिले के सभी होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, कैंटीन, कैटरिंग सेवाओं, स्ट्रीट फूड वेंडर्स एवं अन्य खाद्य सेवा प्रतिष्ठानों की सूची तैयार कर निर्धारित 15 दिनों में उनका निरीक्षण किया जाएगा। यह अभियान स्वास्थ्य मंत्री एवं स्वास्थ्य सचिव के निर्देश पर तथा खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ के नियंत्रक सह आयुक्त श्री दीपक कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देशानुसार संचालित किया जाएगा।
रसोई, खाद्य भंडारण और कर्मचारियों की स्वच्छता की जांच
निरीक्षण के दौरान रसोईघर, खाद्य पदार्थों की तैयारी और परोसने के स्थान, बर्तन, उपकरण, भंडारण व्यवस्था तथा कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता की जांच होगी। कच्चे और पके खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखने, सुरक्षित तापमान पर भंडारण, स्वच्छ पेयजल, कचरे के उचित निपटान, नालियों की सफाई और कीट नियंत्रण व्यवस्था भी देखी जाएगी। कर्मचारियों के स्वच्छ वस्त्र, एप्रन, हेड कवर तथा हर छह माह में स्वास्थ्य परीक्षण से संबंधित अभिलेखों की भी जांच की जाएगी।
प्रतिबंधित खाद्य रंगों पर रहेगी विशेष नजर
मिठाई, ग्रेवी, बिरयानी, करी, चटनी, पेय पदार्थ, रोस्टेड चिकन, चाट, मंचूरियन और फास्ट फूड सहित तैयार खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल किए जा रहे रंगों की जांच की जाएगी। गैर-खाद्य, औद्योगिक, प्रतिबंधित अथवा अनधिकृत खाद्य रंग पाए जाने पर संबंधित खाद्य पदार्थ और रंग के विनष्टीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
बिना वैध लाइसेंस कारोबार पर होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत खाद्य कारोबार के लिए वैध अनुज्ञप्ति या पंजीयन जरूरी है। बिना वैध लाइसेंस अथवा पंजीयन के संचालित प्रतिष्ठानों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। गंभीर स्वच्छता संबंधी कमी पाए जाने पर सुधार सूचना, अनुज्ञप्ति या पंजीयन के निलंबन और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है। अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य निर्माण या गंभीर जोखिम मिलने पर व्यवस्था दुरुस्त होने तक प्रतिष्ठान का संचालन बंद कराने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
अभियान के दौरान खाद्य कारोबारकर्ताओं को स्वच्छता और हाइजीन मानकों के प्रति जागरूक किया जाएगा। खाद्य पदार्थों की पैकिंग एवं परोसने में अखबारी कागज का उपयोग नहीं करने के निर्देश भी दिए जाएंगे। विभाग ने सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं से अभियान में सहयोग करने और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।
