छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू, 3,100 केंद्रों पर 27.50 लाख से अधिक किसानों से होगी खरीदी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी आज, 15 नवंबर से शुरू हो गई है। प्रदेश के 3,100 उपार्जन केंद्रों में किसानों से धान लिया जाएगा। इस वर्ष सरकार ने 27.50 लाख से अधिक किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदने की व्यवस्था की है।
राज्य सरकार ने किसानों को धान का लाभकारी मूल्य 3,100 रुपये प्रति क्विंटल देने का प्रावधान किया है। इसमें केंद्र सरकार का न्यूनतम समर्थन मूल्य और राज्य की कृषक उन्नति योजना के तहत मिलने वाली सहायता शामिल है। सामान्य धान का MSP 2,441 रुपये प्रति क्विंटल तय है।
21 क्विंटल प्रति एकड़ तक होगी खरीदी
खरीदी के लिए अधिकतम सीमा 21 क्विंटल प्रति एकड़ रखी गई है। इस बार कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को पंजीकृत रकबे के आधार पर प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता देने का प्रावधान है। सरकार के फैसले के मुताबिक, किसान निर्धारित सीमा से कम धान बेचते हैं, तब भी पात्रता के अनुसार उन्हें यह सहायता मिल सकेगी।
3,100 केंद्रों में व्यवस्था
धान खरीदी के लिए प्रदेशभर में 3,100 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। केंद्रों पर बारदाने, इलेक्ट्रॉनिक तौल उपकरण, धान के सुरक्षित रखरखाव और परिवहन की व्यवस्था की गई है। किसानों को टोकन के लिए ‘तुहर टोकन’ एप की सुविधा भी दी गई है।
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की खरीदी 15 जनवरी 2027 तक चलने का कार्यक्रम है। किसानों से अपील की गई है कि वे केंद्र पहुंचने से पहले अपने टोकन और पंजीयन से जुड़ी जानकारी जांच लें।
