
छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने के साथ ही सीमावर्ती इलाकों में दूसरे राज्यों से धान के अवैध परिवहन पर निगरानी बढ़ा दी गई है। इसी कड़ी में सुकमा जिले के छिंदगढ़ क्षेत्र में पुलिस ने ओडिशा से लाए जा रहे 64.50 क्विंटल धान के साथ दो पिकअप वाहन जब्त किए हैं। जब्त धान की अनुमानित कीमत 1 लाख 99 हजार 950 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर को छिंदगढ़ थाना क्षेत्र के कोडरीपाल और गंजेनार चेकपोस्ट पर संयुक्त जांच दल वाहनों की जांच कर रहा था। इसी दौरान दो अलग-अलग स्थानों पर ओडिशा की ओर से आ रही पिकअप को रोककर तलाशी ली गई।
कस्तूरी में 34.50 क्विंटल धान मिला
पहली कार्रवाई ग्राम कस्तूरी के पास हुई। यहां पिकअप की जांच में 50-50 किलो के 69 बोरों में 34.50 क्विंटल धान मिला। चालक से परिवहन और बिक्री से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने धान और पिकअप वाहन जब्त कर लिया। इस खेप की कीमत 1 लाख 6 हजार 950 रुपये आंकी गई है।
गंजेनार में 30 क्विंटल धान जब्त
पहली कार्रवाई के करीब आधे घंटे बाद ग्राम गंजेनार के पास दूसरी पिकअप को रोका गया। जांच में 50 किलो के 60 बोरों में 30 क्विंटल धान मिला। इस वाहन का चालक भी धान के परिवहन और बिक्री से जुड़े वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। पुलिस ने 93 हजार रुपये कीमत का धान और वाहन जब्त किया।
दोनों कार्रवाई में कुल 129 बोरों में भरा 64.50 क्विंटल धान और दो पिकअप वाहन जब्त किए गए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत कार्रवाई करते हुए प्रकरण आगे की वैधानिक प्रक्रिया के लिए कार्यपालिक दंडाधिकारी, तहसील कार्यालय छिंदगढ़ के समक्ष प्रस्तुत किया है।
धान खरीदी व्यवस्था पर प्रशासन की नजर
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान दूसरे राज्यों से धान लाकर सरकारी खरीदी केंद्रों में खपाने की आशंका को देखते हुए सीमावर्ती इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है। प्रशासन का उद्देश्य वास्तविक किसानों को सरकारी खरीदी का लाभ दिलाना और बिचौलियों के जरिए होने वाले अवैध कारोबार पर रोक लगाना है।

