
बिलासपुर। शहर के पथ विक्रेताओं और छोटे कारोबारियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आज 17 नवंबर को बिलासपुर में स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के अंतर्गत आयोजित इस महोत्सव में केंद्र एवं राज्य सरकार के जनप्रतिनिधियों के साथ नगरीय प्रशासन के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में पथ विक्रेता शामिल होंगे।
नगर के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में सुबह 10 बजे से आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
पथ विक्रेताओं को मिलेगा आर्थिक संबल
स्वनिधि महोत्सव का प्रमुख उद्देश्य सड़क किनारे दुकान लगाने वाले छोटे व्यापारियों, ठेला संचालकों, फल-सब्जी विक्रेताओं, फुटकर कारोबारियों और अन्य पथ विक्रेताओं को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उनके आर्थिक विकास का मार्ग प्रशस्त करना है। पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से पात्र पथ विक्रेताओं को बिना किसी गारंटी के कार्यशील पूंजी ऋण उपलब्ध कराया जाता है, जिससे वे अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा सकें।
महोत्सव में पथ विक्रेताओं से सीधा संवाद स्थापित करने के लिए स्वनिधि चौपाल आयोजित की जाएगी। इस दौरान लाभार्थियों को ऋण सहायता के चेक और निःशुल्क यूपीआई पेमेंट बॉक्स वितरित किए जाएंगे। इसके साथ ही स्ट्रीट वेंडर्स के ई-पंजीयन की शुरुआत भी की जाएगी, जिससे अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना के दायरे में लाया जा सके।
डिजिटल लेन-देन और वित्तीय साक्षरता पर रहेगा जोर
कार्यक्रम में पथ विक्रेताओं को डिजिटल भुगतान के फायदे, बैंकिंग सुविधाओं, वित्तीय साक्षरता और स्वरोजगार के बेहतर अवसरों की जानकारी दी जाएगी। भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारियों द्वारा वित्तीय समावेशन से संबंधित जानकारी साझा की जाएगी, वहीं डिजिटल पेमेंट एग्रीगेटर्स द्वारा यूपीआई भुगतान को लेकर जागरूक किया जाएगा।
महोत्सव में स्ट्रीट वेंडर्स द्वारा विभिन्न खाद्य स्टॉल भी लगाए जाएंगे। पीएम स्वनिधि योजना पर आधारित प्रदर्शनी के माध्यम से योजना के लाभ और उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंकों, बैंक शाखाओं, नगरीय निकायों और योजना के हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा। संभाग के नौ चयनित हितग्राहियों को भी सम्मानित करने की तैयारी है। लाभार्थियों के प्रतिभावान बच्चों का सम्मान भी कार्यक्रम का हिस्सा रहेगा।
विशिष्ट अतिथियों की रहेगी मौजूदगी
कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, दिलीप लहरिया एवं अटल श्रीवास्तव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इनके अलावा बिलासपुर नगर निगम की महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पाण्डेय, छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष रजनीश सिंह तथा नगर निगम सभापति विनोद सोनी की उपस्थिति रहेगी।
छोटे कारोबारियों के लिए बड़ी पहल
गौरतलब है कि पीएम स्वनिधि योजना की शुरुआत वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान प्रभावित हुए पथ विक्रेताओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई थी। अब योजना का दायरा बढ़ाते हुए इसे केवल ऋण सहायता तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि डिजिटल वित्तीय समावेशन, सामाजिक सुरक्षा और छोटे उद्यमों के विकास से भी जोड़ा गया है। पुनर्गठित योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को क्रमशः 15 हजार, 25 हजार और 50 हजार रुपये तक के ऋण की सुविधा दी जा रही है।
बिलासपुर में आयोजित यह महोत्सव छोटे व्यापारियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने, बैंकिंग सुविधाओं तक उनकी पहुंच बढ़ाने और डिजिटल अर्थव्यवस्था में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है।
कार्यक्रम का आयोजन नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण द्वारा किया जा रहा है।

