क्राइमछत्तीसगढ़शिक्षा रोजगार

निर्माण श्रमिकों के बच्चों को मिलेगी ₹10 हजार तक छात्रवृत्ति, जानें नौनिहाल योजना की पात्रता

कक्षा पहली से लेकर उच्च शिक्षा और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों तक पढ़ने वाले विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ, पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के प्रथम दो बच्चों के लिए योजना।

बिलासपुर। आर्थिक रूप से कमजोर निर्माण श्रमिक परिवारों के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने और उनकी पढ़ाई में आर्थिक बाधा दूर करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना संचालित की जा रही है। छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के माध्यम से संचालित इस योजना के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को कक्षा पहली से लेकर उच्च शिक्षा एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों तक अध्ययन के लिए प्रतिवर्ष छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।

योजना का उद्देश्य श्रमिक परिवारों के बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना, आर्थिक अभाव के कारण उनकी पढ़ाई बाधित होने से रोकना और उन्हें उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को उनकी कक्षा एवं पाठ्यक्रम के अनुसार एक हजार रुपये से लेकर दस हजार रुपये तक की वार्षिक छात्रवृत्ति दिए जाने का प्रावधान है।

कक्षा और पाठ्यक्रम के अनुसार मिलेगी छात्रवृत्ति

योजना के तहत कक्षा पहली से पांचवीं तक अध्ययनरत छात्र को 1,000 और छात्रा को 1,500 रुपये, कक्षा छठवीं से आठवीं तक छात्र को 1,500 और छात्रा को 2,000 रुपये तथा कक्षा नौवीं से बारहवीं तक छात्र को 2,000 और छात्रा को 3,000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।

इसी तरह स्नातक स्तर पर अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए छात्र को 3,000 और छात्रा को 4,000 रुपये, स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के लिए छात्र को 5,000 और छात्रा को 6,000 रुपये की सहायता निर्धारित है। वहीं प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों में स्नातक स्तर पर छात्र को 6,000 और छात्रा को 8,000 रुपये तथा स्नातकोत्तर प्रोफेशनल कोर्स, पीएचडी एवं शोध कार्य के लिए छात्र को 8,000 और छात्रा को 10,000 रुपये तक की छात्रवृत्ति दिए जाने का प्रावधान है।

पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को मिलेगा लाभ

इस योजना का लाभ लेने के लिए विद्यार्थी के माता या पिता का छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में निर्माण श्रमिक के रूप में पंजीयन होना आवश्यक है। योजना के अंतर्गत पात्र श्रमिकों के प्रथम दो बच्चों को लाभ दिए जाने का प्रावधान है। इसके अलावा विद्यार्थी का मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थान में अध्ययनरत होना और निर्धारित पात्रता शर्तों को पूरा करना जरूरी है।

ऑनलाइन कर सकते हैं आवेदन

योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए इच्छुक पात्र हितग्राही छत्तीसगढ़ श्रम विभाग के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के दौरान श्रमिक पंजीयन कार्ड, विद्यार्थी का आधार कार्ड, पिछली कक्षा की अंकसूची, वर्तमान शिक्षण संस्थान का प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक, फोटो एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।

श्रमिक परिवारों से अपील है कि वे अपने बच्चों की शिक्षा के लिए संचालित इस योजना की जानकारी प्राप्त करें और पात्रता के अनुसार आवेदन कर शासन की छात्रवृत्ति योजना का लाभ उठाएं। योजना की वर्तमान आवेदन तिथि एवं विस्तृत नियमों की जानकारी श्रम विभाग के आधिकारिक पोर्टल से प्राप्त की जा सकती है।

Show More
ANIL SHUKLA

ANIL SHUKLA

REPORTER

◾जिलाध्यक्ष - छ. ग. जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन, रायपुर

Back to top button