
रायगढ़। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में 18 चक्का ट्रेलर की बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। वाहन मालिक कमलेश कुमार पटेल का आरोप है कि 12.50 लाख रुपये में सौदा तय होने के बाद खरीदार ने 50 हजार रुपये एडवांस देकर ट्रेलर अपने कब्जे में ले लिया, लेकिन शेष 12 लाख रुपये का भुगतान नहीं किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी आर्य सलमान बेग के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
12.50 लाख रुपये में तय हुआ था सौदा
शिकायत के अनुसार, ग्राम कुडुमकेला निवासी कमलेश कुमार पटेल के नाम पर अशोक लेलैंड कंपनी का 18 चक्का ट्रेलर पंजीकृत है। आर्थिक जरूरत के चलते वे वाहन बेचना चाहते थे। इसी दौरान रायगढ़ के चांदनी चौक निवासी आर्य सलमान बेग से उनका संपर्क हुआ। दोनों के बीच ट्रेलर का सौदा 12 लाख 50 हजार रुपये में तय हुआ।
50 हजार का चेक देकर वाहन ले जाने का आरोप
कमलेश पटेल के मुताबिक, 20 अप्रैल 2024 को आर्य सलमान बेग ने अपने स्टेट बैंक खाते से 50 हजार रुपये का चेक एडवांस के रूप में दिया। शेष 12 लाख रुपये फाइनेंस के माध्यम से चुकाने की बात कही गई। इसी दिन दोपहर करीब तीन बजे वाहन मालिक ने ट्रेलर खरीदार को सौंप दिया। बाद में 5 जून 2024 को घरघोड़ा तहसील कार्यालय में वाहन बिक्री से संबंधित इकरारनामा तैयार कर नोटरी भी कराई गई।
कुछ समय बाद संपर्क बंद होने की शिकायत
शिकायतकर्ता का कहना है कि वाहन सौंपने के बाद करीब डेढ़ महीने तक आरोपी से फोन पर बातचीत होती रही। इसके बाद उसने फोन उठाना बंद कर दिया और बाद में मोबाइल भी बंद हो गया। कमलेश पटेल ने आरोपी के बताए पते पर जाकर तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। आरोप है कि ट्रेलर भी अब तक वापस नहीं मिला और शेष रकम का भुगतान नहीं किया गया।
पुलिस ने दर्ज किया धोखाधड़ी का मामला
वाहन मालिक ने घरघोड़ा थाने में शिकायत दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की है। पुलिस वाहन के दस्तावेज, चेक, नोटरी इकरारनामा और भुगतान से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

