क्राइमछत्तीसगढ़न्यूज़रायपुर

रायपुर में दोपहिया वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 7 पकड़े; 18.50 लाख के 16 वाहन जब्त

WhatsApp Image 2026-11-19 at 7.10.01 PM
WhatsApp Image 2026-11-19 at 7.10.01 PM (1)

रायपुर। राजधानी में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चार आरोपियों और विधि से संघर्षरत तीन बालकों सहित कुल सात लोगों को पकड़ा है। उनके कब्जे से चोरी की 7 बुलेट सहित 13 दोपहिया वाहन और वारदात में इस्तेमाल किए गए तीन अन्य वाहन जब्त किए गए हैं। जब्त वाहनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 18.50 लाख रुपये बताई गई है।

बिना नंबर प्लेट की बुलेट से खुला मामला

पुलिस के मुताबिक 17 नवंबर को डी.डी. नगर थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान बिना पीछे की नंबर प्लेट वाली बुलेट पर सवार युवक को रोका गया। युवक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में बुलेट चोरी की होने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने अन्य आरोपियों की तलाश शुरू की।

लॉक तोड़कर वाहन चोरी करने का तरीका

जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य दोपहिया वाहनों के लॉक तोड़कर चोरी करते थे। चोरी के बाद पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट हटाने या बदलने और वाहन के पहचान चिह्नों से छेड़छाड़ करने की कोशिश की जाती थी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वाहन बरामद किए।

16 वाहन जब्त, अन्य घटनाओं की जांच जारी

पुलिस ने चोरी के 13 दोपहिया वाहनों के साथ वारदात में इस्तेमाल किए गए तीन वाहन भी जब्त किए हैं। संबंधित चोरी के मामलों में डी.डी. नगर, कोतवाली, पुरानी बस्ती और टिकरापारा थानों में अपराध दर्ज हैं। पुलिस गिरोह से जुड़ी अन्य संभावित वारदातों और सदस्यों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

मामले में चार वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है।

Show More
भीम तिवारी

भीम तिवारी

प्रधान संपादक
Back to top button