
रायगढ़, 19 नवंबर 2026। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से जारी है। 15 नवंबर से शुरू हुई खरीदी प्रक्रिया के तहत 19 नवंबर तक जिले के विभिन्न उपार्जन केंद्रों में 169 किसानों से कुल 992.48 मीट्रिक टन मोटा धान खरीदा जा चुका है। इसके तहत 187.092 हेक्टेयर पंजीकृत रकबे का धान उपार्जित किया गया है।
खरीदी लक्ष्य और उपार्जन केंद्रों की व्यवस्था
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में धान खरीदी के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इस सत्र में जिले की 79 समितियों के माध्यम से संचालित 112 उपार्जन केंद्रों के जरिए कुल 5 लाख 42 हजार 580.94 मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है।
किसान पंजीयन और रकबे की स्थिति
इस वर्ष धान बेचने के लिए जिले में कुल 84,501 किसानों ने पंजीयन कराया है, जिनका कुल पंजीकृत रकबा 1 लाख 24 हजार 728.258 हेक्टेयर है। प्रशासन के अनुसार, पंजीकृत किसानों को उपार्जन केंद्रों पर सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए धान खरीदी की प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा रहा है।