छत्तीसगढ़न्यूज़रायगढ़

रायगढ़: निर्माण कार्यों को समय-सीमा और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के कलेक्टर के निर्देश

नवरात्रि दिवाली मोबाइल मेगा ऑफर
श्री पारस कलेक्शन दिवाली धमाका

रायगढ़, 19 नवंबर 2026। जिले में संचालित निर्माण और विकास कार्यों में तेजी लाने तथा स्वीकृत परियोजनाओं को तय समय-सीमा में पूर्ण करने के उद्देश्य से कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संबंधित विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में स्वीकृत कार्यों, बजट, टेंडर प्रक्रिया, कार्यादेश, वर्तमान स्थिति और पूर्णता की समय-सीमा पर विस्तार से चर्चा की गई।

अगले 4 से 5 महीने पर विशेष फोकस

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने कहा कि बारिश का मौसम बीत चुका है और आने वाले 4 से 5 महीने निर्माण कार्यों को गति देने के लिए काफी अहम हैं। उन्होंने अधिकारियों को इस अवधि का बेहतर उपयोग करते हुए स्वीकृत कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। विभाग प्रमुखों और इंजीनियरों को नियमित रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा अनावश्यक विलंब से बचते हुए समय पर काम पूरा करने को कहा गया।

वनांचल क्षेत्रों में सड़क निर्माण के प्रस्ताव

बैठक में जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में सड़क सुविधा बढ़ाने पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने कहा कि जिन आवश्यक और प्राथमिकता वाले मार्गों का निर्माण संबंधित विभागीय मद से संभव नहीं हो पा रहा है, उनके प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत किए जाएं ताकि जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) के माध्यम से स्वीकृति लेकर निर्माण कराया जा सके। साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत भी जरूरी सड़कों को चिह्नित कर कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए, जिससे ग्रामीण व दूरस्थ इलाकों में आवागमन सुगम हो सके।

डीएमएफ कार्यों और धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा

डीएमएफ के तहत प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष प्रभावित क्षेत्रों में स्वीकृत कार्यों की विभागवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के बजट के अंतर्गत स्वीकृत परियोजनाओं की प्रगति जानी तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा। उन्होंने डीएमएफ मद से धान खरीदी केंद्रों में स्वीकृत कार्यों की समीक्षा कर किसानों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि धान बेचने में किसानों को परेशानी न हो।

बैठक में लोक निर्माण विभाग, केलो परियोजना, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, आदिवासी विकास विभाग, जल संसाधन विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, हाउसिंग बोर्ड और छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन सहित अन्य एजेंसियों के कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने नियमित फील्ड विजिट कर कमियों को दूर करने और आपसी समन्वय से समय पर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Show More
भीम तिवारी

भीम तिवारी

प्रधान संपादक
Back to top button